- बीएसपी-एफएसएनएल विवाद सुलझा, नहीं होगी मजदूरों की छंटनी; 30 मार्च की हड़ताल स्थगित।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। FSNL Bachao Sangharsh Samiti की मांग मान ली गई है। Bhilai Steel Plant (बीएसपी) और Ferro Scrap Nigam Limited प्रबंधन ने यूनियन की प्रमुख मांगों पर सहमति जताते हुए मजदूरों की छंटनी नहीं करने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही 30 मार्च 2026 को प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है।
एफएसएनएल बचाव संघर्ष समिति के संयोजक अरुण सिंह सिसोदिया का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया के दौरान श्रमिकों की सेवा निरंतर बनाए रखने, उनके वेतनमान और सेवा शर्तों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़ने जैसे मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच गंभीर और सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। इसके बाद सहमति बनते ही मुख्यालय में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
ज्ञात हो कि एफएसएनएल द्वारा वर्ष 1979 से बीएसपी में किए जा रहे कार्य को हाल ही में टेंडर के जरिए लगभग 750 करोड़ रुपए के कार्य को चार हिस्सों में बांटकर कम दर (L1) पर अन्य कंपनियों को सौंप दिया गया था। इससे मजदूरों में छंटनी और वेतन-भत्तों में कटौती की आशंका बढ़ गई थी, जिसके विरोध में यूनियन ने हड़ताल का ऐलान किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए Central Labour Commissioner, रायपुर ने 23 और 25 मार्च को बैठक कर दोनों पक्षों को 27 मार्च तक सहमति बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बीएसपी और एफएसएनएल प्रबंधन के बीच समझौता हुआ और हड़ताल स्थगित कर दी गई।
सहमति के तहत यह भी तय हुआ कि 2 अप्रैल 2026 को क्षेत्रीय श्रमायुक्त (केंद्रीय), रायपुर के समक्ष दोनों पक्ष अपनी बात रखेंगे और विवाद के स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़ेंगे। प्रबंधन ने समिति से हड़ताल वापस लेने की अपील की, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि हड़ताल वापसी को लेकर कुछ व्यक्तियों द्वारा दिए गए बयान का उससे कोई संबंध नहीं है और श्रमिकों को भ्रामक जानकारी से सावधान रहने की सलाह दी गई है। बैठक के बाद समिति के संयोजक Gajendra Singh, Raju Lal Shresth और Arun Singh Sisodia ने सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और श्रमिकों को सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए इस समझौते को सामूहिक प्रयासों की सफलता बताया।
समिति ने विगत दिनों समाचार पत्र में एक व्यक्ति द्वारा हड़ताल वापस लेने के संबंध में दिए गए बयान से FSNL बचाओ संघर्ष समिति से कोई लेना देना नहीं है। उक्त यूनियन पर बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना कहावत चरितार्थ होती है। यूनियन ने कहा कि जयचंद, मीर जाफर आज भी श्रमिको के बीच यूनियन का रूप धर के घूम रहे हैं। ऐसी यूनियन से सावधान रहें।
बैठक के बाद FSNL बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक गजेन्द्र सिंह, राजू लालश्रेष्ट, अरुण सिंह सिसोदिया ने सभी सदस्यों, कर्मचारियों,अधिकारियो व श्रमिक को बधाई व धन्यवाद दिया कि उन सभी का सहयोग से ये संभव हो पाया। आज की बैठक में गजेन्द्र सिंह, राजू लाल श्रेष्ट,अरुण सिंह सिसोदिया, मोहम्मद तनवीर, जी. अशोक, जी.पी.चौधरी, विश्वजीत दासव समिति के सभी अन्य सदस्य उपस्थित रहे।















