SAIL BSL के 3 अधिकारी और 25 कर्मचारी रिटायर्ड

बीएसएल में अक्टूबर माह के सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित। मुख्य अतिथि अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) बोले-बोकारो इस्पात संयंत्र के निर्माण, आधुनिकीकरण एवं उत्पादन की निरंतरता सुनिश्चित करने में इन अनुभवी कार्मिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग स्थित मुख्य प्रेक्षागृह में अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त होने वाले 28 कार्मिकों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस माह बीएसएल के कुल 28 कार्मिक अपनी दीर्घकालीन एवं निष्ठापूर्ण सेवाएँ पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिनमें 03 अधिशासी एवं 25 गैर-कार्यपालक कार्मिक शामिल हैं।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) उपस्थित रहे। इस अवसर पर संयंत्र के विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी तथा सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों के परिजन भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) ने सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों को उनकी निष्ठा, समर्पण एवं दीर्घकालीन सेवाओं के लिए बधाई दी तथा उनके सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य की कामना की। इसके उपरांत सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) ने प्रत्येक सेवानिवृत्त कार्मिक का परिचय एवं सेवा-वृत्त प्रस्तुत किया तथा संयंत्र की प्रगति एवं विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) ने कहा कि बोकारो इस्पात संयंत्र के निर्माण, आधुनिकीकरण एवं उत्पादन की निरंतरता सुनिश्चित करने में इन अनुभवी कार्मिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों की दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों को सेवा प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।