96 साल के डॉ. संजीवा रेड्डी फिर होंगे इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, 32 साल से इसी पद पर, गवाह बनेंगे राहुल गांधी-खरगे, प्रियंका

तालकटोरा स्टेडियम में कांग्रेस का सम्मेलन। लेबर मूवमेंट, राजनीतिक गतिविधियां, लेबर कोड, 4 साल की प्लानिंग, पिछले 4 साल में क्या हासिल किया, हर राज्य की रिपोर्ट आदि पर चर्चा की जाएगी। इंटक की रिपोर्ट महासचिव संजय सिंह पेश करेंगे।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस-इंटक की जनरल कॉउसिंल मीटिंग 1, 2,3 दिसंबर को तालकटोरा स्टेडियम दिल्ली में होने जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणु गोपाल, तारिक अनवर, बीएमएस, सीटू, एटक, एचएमएस आदि यूनियनों के नेता भी शामिल होंगे। तीन दिवसीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासचिव समेत अन्य पदों का चुनाव होगा। 

पिछले 32 सालों से राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी संभालने वाले डॉक्टर जी. संजीवा रेड्डी को दोबारा अध्यक्ष बनाने की तैयारी है। 1994 से संजीवा रेड्डी इंटक के अध्यक्ष हैं। इंटक के राष्ट्रीय महासचिव संजय सिंह का कहना है कि रेड्डी जी के कद का कोई दूसरा लीडर नहीं है। उनके सम्मान में कोई भी सामने खड़ा नहीं होगा। 

भारतीय की वर्तमान परिस्थिति और मजदूरों की आवाज को रेड्डी जी लगातार बल दे रहे हैं। उम्र नहीं हौसले की बात होनी चाहिए। 96 साल की उम्र में बिना लाठी-डंडा लिए जब भी रेड्डी जी दिल्ली आते हैं तो सुबह से शाम तक यूनियन आफिस में कामकाज संभालते हैं। सबसे भेंट मुलाकात और मुद्दों को हल करते हैं। इसलिए हम सबकी यही तमन्ना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर रेड्डी जी को फिर से जिम्मेदारी दी जाए। 

कांग्रेस के सम्मेलन में लेबर मूवमेंट, राजनीतिक गतिविधियां, लेबर कोड, 4 साल की प्लानिंग, पिछले 4 साल में क्या हासिल किया, हर राज्य की रिपोर्ट आदि पर चर्चा की जाएगी। इंटक की रिपोर्ट महासचिव संजय सिंह पेश करेंगे। फरवरी 2023 में पिछला सम्मेलन हुआ था। जिसमें संजीवा रेड्डी को अध्यक्ष और संजय सिंह को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।