भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य का संगम: कक्षा से मंच तक प्रतिभाएं निखारने की मुहिम

राजिम में विराग कला संस्था की पहली कला बैठक आयोजित। राग यमन, भूपाली, केदार और भरतनाट्यम की प्रस्तुतियों के जरिए कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय कला का प्रदर्शन किया। राग यमन की सरस्वती वंदना से लेकर भरतनाट्यम के भावपूर्ण अभिनय और ऊर्जावान तिल्लाना तक, कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां।

सूचनाजी न्यूज, राजिम। भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की समृद्ध परंपरा को सहेजने, उसका प्रचार-प्रसार करने और उभरते कलाकारों को सशक्त मंच देने की दिशा में राजिम में एक नई पहल की शुरुआत हुई। विराग कला संस्था की ओर से विराग डांस अकादमी के माध्यम से प्रथम ‘विराग कला बैठक’ का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में अनुभवी कलाकारों, युवा प्रतिभाओं, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों ने अपनी प्रस्तुतियों से भारतीय शास्त्रीय कलाओं की खूबसूरती को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत गायक किशन देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कला बैठक की परिकल्पना ऐसे साझा मंच के रूप में की गई है, जहां कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करने के साथ एक-दूसरे से सीख सकें और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ाव को मजबूत बना सकें।

राग यमन की सरस्वती वंदना से हुआ संगीत का आगाज

कार्यक्रम में संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां हुईं। संगीत खंड में सुप्रिया जैन और रश्मि जैन ने राग यमन में सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर संध्या का सुंदर आगाज किया। इसके बाद सुप्रिया जैन ने राग भूपाली में एकल प्रस्तुति दी। आरोही जैन ने भी इसी राग में खयाल गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

हार्दिक गंगवाल ने राग केदार में मध्य लय खयाल प्रस्तुत कर हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की बारीकियों और साधना का परिचय दिया। उन्होंने एक सुंदर दादरा की प्रस्तुति के साथ अपनी संगीत यात्रा को विराम दिया।

भरतनाट्यम की भावाभिव्यक्ति और लयकारी ने जीता दिल

नृत्य प्रस्तुतियों में अवनी जैन, सान्वी जैन और तान्या जैन ने राग नट्टई में पुष्पांजलि प्रस्तुत की। वहीं वान्या कसलीवाल ने मिश्र चापू ताल में पदम की भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

भरतनाट्यम कलाकार, नृत्यांगना, कोरियोग्राफर एवं गुरु नैनिका कसलीवाल ने दो अलग-अलग नृत्य शैलियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने ‘ठुमक चलत रामचंद्र’ भजन पर भावपूर्ण अभिनय प्रस्तुत किया। सजीव भावाभिव्यक्ति और सुंदर भाव-संचार के जरिए भगवान राम के बाल स्वरूप को मंच पर साकार किया।

इसके बाद प्रस्तुत ऊर्जावान तिल्लाना में लयकारी, जटिल पद-संचालन और सटीक तालबद्धता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। नृत्य की तकनीकी बारीकियों और कलात्मक अभिव्यक्ति ने प्रस्तुति को विशेष बना दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन मौसम जैन ने किया। 

कक्षा से मंच तक प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास

विराग डांस अकादमी की स्थापना नैनिका कसलीवाल ने की है। अकादमी का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य का व्यवस्थित प्रशिक्षण देने के साथ मंचीय अनुभव, कलात्मक अभिव्यक्ति और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

इसी उद्देश्य को व्यापक स्वरूप देने के लिए विराग कला बैठक जैसी पहल शुरू की गई है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को केवल कक्षा तक सीमित न रखकर अनुभवी कलाकारों से जुड़ने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और मंच पर सीखने का अवसर मिलेगा।

प्रथम विराग कला बैठक भारतीय शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ नई पीढ़ी में कला के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में सार्थक शुरुआत साबित हुई। यह आयोजन परंपरा और प्रतिभा को एक मंच पर लाने तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास है।