नगरनार स्टील प्लांट में भीषण हादसा, जिंदा जला मजदूर,मौके पर मौत
छत्तीसगढ़ के नगरनार स्टील प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप में हादसे से अफरा-तफरी मच गई है। हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित। मुआवजा आदि को लेकर भी तस्वीर साफ की जा रही।
सूचनाजी न्यूज, नगरनार। एनएमडीसी के नगरनार स्टील प्लांट में हादसा हो गया है। स्टील मेल्टिंग शॉप-एसएमएस में हॉट मेटल की चपेट में आने से ठेका मजदूर की जलकर मौके पर ही मौत हो गई। भयानक हादसे से सनसनी फैल गई। शव सरकारी अस्पताल की मरच्यूरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने परिजनों को मरच्यूरी बुलाया। जहां, परिजनों ने शव को पहचानने से इन्कार कर दिया।
बस्तर सुनारपाल देवड़ा के 31 वर्षीय मजदूर मंगलसाय नेताम की जलकर मौत हो गई है। मृतक का भरा परिवार है। पत्नी और बच्चों के सिर से मुखिया का साया उठ गया है।
बताया जा रहा है कि लाइन ऑफ फायर पर वहां मजदूर को जाना नहीं था। 2023 से यहां काम कर रहा था। हर सेफ्टी कोर्स भी किए हुए है। मजदूर वहां क्यों गया, यह जांच का विषय है। प्रबंधन का कहना है कि नियम के तहत मुआवजा और नौकरी पर फैसला लिया जाएगा।