सेक्टर 9 हॉस्पिटल में डॉ. उदय का एक और कमाल, Psychiatric Ward परिसर का बदला नज़ारा, बना तथागत शांति उद्यान

साइकियाट्रिक वार्ड परिसर में प्रतीक चिह्न का अनावरण और 'तथागत शांति उद्यान' का उद्घाटन एवं पौधरोपण किया गया। जीएम संजय कुमार की मेहनत लाई रंग।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल बीएसपी के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर 9 में कुछ कर गुज़रने का जज़्बा सीएमओ इंचार्ज डॉक्टर उदय ने दिखाया। साथ ही मैसेज भी छोड़ दिए कि यहां बहुत कुछ किया जा सकता है। बस, हौसला होना चाहिए। जेब भरने के बजाय अस्पताल की झोली भरने की जरूरत है। 31 दिसंबर को रिटाययरमेंट है। अंतिम दिन तक कुछ न कुछ करते जा रहे हैं। 

इसी कड़ी में मानसिक रोग विभाग (साइकियाट्रिक वार्ड-Psychiatric Ward) का माहौल ही बदल दिए। झाड़ियों और गंदगी से छुटकारा दिलाते हुए यहां शांति का उद्यान बना दिए। बदले मंज़र को देख एक मनोरोगी वार्ड में गाना तक गा दिए। सबके सामने बोले-मैं यहां इलाज के लिए लंबे समय से आ रहा हूं। लेकिन, पहली बार यहां कुछ अच्छा होता देख बहुत खुशी मिली। इसी खुशी को इज़हार कर रहा। 

साइकियाट्रिक वार्ड परिसर में प्रतीक चिह्न का अनावरण और 'तथागत शांति उद्यान' का उद्घाटन एवं पौधरोपण किया गया। मानसिक स्वास्थ्य और पर्यावरण चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। साइकियाट्रिक वार्ड परिसर में नवनिर्मित 'तथागत शांति उद्यान' का भव्य उद्घाटन, प्रतीक चिह्न का अनावरण एवं पौधरोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. अमित नायक ने उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने इस परिसर के विकास को मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सीएमओ प्रभारी (CMO I/C) डॉ. उदय कुमार ने अपने संबोधन में इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उद्यान और शांतिपूर्ण वातावरण मरीजों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी और स्वास्थ्यवर्धक साबित होगा। यह परिसर मरीजों को जल्द ठीक होने में मदद करेगा।

विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ. संबिता पंडा ने शांति के महत्व पर प्रकाश डाला। अपने उद्बोधन में डॉ. पंडा ने कहा कि मानसिक शांति ही पूर्ण स्वास्थ्य की नींव है और यह उद्यान मरीजों के साथ-साथ यहां आने वाले लोगों को भी मानसिक संबल और शांति प्रदान करेगा।

इस परियोजना को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जीएम (M&S) संजय शर्मा ने उद्यान और परिसर के निर्माण कार्य और तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस तरह कम समय में इस सुंदर इंफ्रास्ट्रक्चर को तैयार किया गया है। वहीं, हॉर्टिकल्चर के डॉक्टर नवीन कुमार जैन, डीजीएम विक्रांत शरण ने उद्यान के विकास, पौधों के चयन और हरियाली के संरक्षण की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस उद्यान को और अधिक समृद्ध बनाया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा परिसर में पौधरोपण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण और जीवन में सकारात्मकता का संदेश देता है। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक नर्सिंग स्टाफ, और पैरामेडिकल स्टाफ प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

इस दौरान विभिन्न प्रकार के फूलों के पौधे भी लगाए गए, ताकि वातावरण खुशबूदार रहे और आने वाले मरीज और परिजनों को मानसिक शांति का आभास हो। पौधारोपण में हेड आफ मेडिकल से लेकर सेनेटरी स्टाफ सिक्योरिटी गार्ड उपस्थित डॉक्टर और मरीजों द्वारा पौधारोपण किया गया।