नेशनल खेलने केरल से भिलाई आए खिलाड़ी की सड़क हादसे में टूटी हड्डी, डॉ. उदय ने कराया 100% ट्रीटमेंट फ्री

सेक्टर-9 अस्पताल में केरल के घायल खिलाड़ी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीएसपी प्रबंधन एवं अस्पताल स्टाफ का आभार। बेहतर इलाज के लिए सेक्टर-9 अस्पताल के प्रभारी एवं चिकित्सा कर्मियों को धन्यवाद।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। बीएसपी बॉल बैडमिंटन क्लब एवं छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन एसोसिएशन ने केरल से आए सब-जूनियर खिलाड़ी विनय कृष्णा को दुर्घटना में घायल होने के बाद जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर-9 में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय तथा समस्त चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। खिलाड़ी को समय पर चिकित्सा सहायता और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सराहनीय है। अस्पताल के कर्मचारियों का सहयोग खिलाड़ी और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत है।

ई-रिक्शा से खेल मैदान जाते समय भिलाई टाउनशिप में एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दिया था। ई-रिक्शा पलटने से खिलाड़ी चोटिल हुआ। कार ने सीधे खिलाड़े के जांघ पर ठोकर मारा, जिससे हड्डी टूट गई थी। सेक्टर 9 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बाहरी खिलाड़ी की मदद के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारी सामने आए। डाक्टर उदय से सहयोग मांगे, जिसके बाद ट्रीटमेंट 100 प्रतिशत फ्री किया गया। 7 अक्टूबर को हादसा हुआ था। 

खेल सुविधाओं एवं सहयोग के लिए बीएसपी के उच्च प्रबंधन का आभार 

दोनों खेल संघों ने भिलाई इस्पात संयंत्र के उच्च प्रबंधन एवं खेल विभाग को भी धन्यवाद दिया है, जो वर्षों से भिलाई में खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। विभिन्न खेलों की राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए मैदान तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना बीएसपी की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रतियोगिता के दौरान बाहर से आए खिलाड़ियों को बीमारी अथवा दुर्घटना की स्थिति में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की परंपरा भी अत्यंत सराहनीय है।

इनका भी धन्यवाद 

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए ग्राउंड, आवास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं महत्वपूर्ण होती हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग, टाउन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट एवं एलएंडए विभाग के प्रमुख तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में दिए गए सहयोग के लिए दोनों संघों ने विशेष धन्यवाद व्यक्त किया है। इस प्रकार का सहयोग प्रतियोगिताओं को सफल बनाने के साथ-साथ खिलाड़ियों के बीच भिलाई की सकारात्मक पहचान भी स्थापित करता है। 

"हर किसी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है सेल”- एक सार्थक हकीकत 

“हर किसी की जिंदगी से जुड़ा हुआ है सेल” केवल एक नारा नहीं, बल्कि भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यों में दिखाई देने वाली हकीकत है। लोहा उत्पादन के साथ-साथ खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में बीएसपी का योगदान इस विचार को और अधिक सार्थक बनाता है। खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं देना और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना इसी सामाजिक प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सेक्टर-9 अस्पताल की सकारात्मक छवि देशभर के खिलाड़ियों के मन में अंकित 

विनय कृष्णा को उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सहायता तथा बीएसपी के विभिन्न विभागों के सहयोग ने खिलाड़ियों के मन में भिलाई के प्रति सम्मान और विश्वास को मजबूत किया है। सेक्टर-9 अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का मानवीय व्यवहार और सहयोग देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।

बीएसपी बॉल बैडमिंटन क्लब एवं छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन एसोसिएशन भिलाई इस्पात संयंत्र के उच्च प्रबंधन, खेल विभाग, नगर सेवाएं विभाग, एलएंडए विभाग, खेल संस्कृति नागरिक सुविधाएं विभाग, सेक्टर-9 अस्पताल के प्रभारी डॉ. उदय धावड़े तथा समस्त चिकित्सा कर्मियों के प्रति पुनः हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं और भविष्य में भी खेलों एवं खिलाड़ियों के प्रति इसी सहयोगात्मक भावना की अपेक्षा करते हैं। आज डिस्चार्ज होने के उपरांत रायपुर गोवा कोच्चि फ्लाइट के द्वारा विनय कृष्णा अपने दोनों कोच के साथ केरल के लिए रवाना हुआ।