BSP बोरिया गेट SBI के ATM में डकैती का प्रयास, तोड़फोड़, 4 लाख का नुकसान, FIR
21 अक्टूबर की रात करीब 11:25 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम में चोरी करने के उद्देश्य से तोड़फोड़ की। इस दौरान मशीन और उससे जुड़े अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के बोरिया गेट पर लगे भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को निशाना बनाकर तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:25 बजे की बताई गई है। बैंक प्रबंधन के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम में चोरी करने के उद्देश्य से मशीन और उसके अन्य उपकरणों को क्षतिग्रस्त किया। घटना में बैंक की संपत्ति को करीब 4 लाख रुपये का नुकसान होने का दावा किया गया है।
मामले में बैंक शाखा प्रबंधक सुबधा कुमार ने भिलाई के भट्ठी थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 62, 331(4) और 324(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
रात 11:25 बजे ATM में की गई तोड़फोड़
बैंक प्रबंधन की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के मुताबिक, भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम भिलाई स्टील प्लांट के बोरिया गेट पर स्थापित है। आवेदन में कहा गया है कि 21 अक्टूबर की रात करीब 11:25 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम में चोरी करने के उद्देश्य से तोड़फोड़ की। इस दौरान मशीन और उससे जुड़े अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया।
बैंक ने 4 लाख रुपये के नुकसान की दी जानकारी
शाखा प्रबंधक के मुताबिक, एटीएम में तोड़फोड़ से बैंक की संपत्ति को लगभग 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बैंक प्रबंधन ने घटना को गंभीर बताते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के साथ एटीएम में हुई तोड़फोड़ की तस्वीरें भी संलग्न की गई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान, एटीएम को नुकसान पहुंचाने के तरीके और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।