भिलाई सेक्टर 1 डाकघर में 2 काउंटर का दावा, हकीकत में सिर्फ 1 काउंटर से हो रही बुकिंग, सब परेशान

भिलाई सेक्टर 1 उप डाकघर में स्पीड पोस्ट, पंजीकृत डाक एवं पार्सल बुकिंग के लिए लंबी कतारों से परेशान होकर अधिवक्ता ने कतार में खड़े-खड़े ही ऑनलाइन आरटीआई आवेदन प्रस्तुत किया।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त विभागीय जवाब में भिलाई सेक्टर 01 उप डाकघर में पार्सल एवं स्पीड पोस्ट बुकिंग के लिए दो काउंटर संचालित होने की जानकारी दी गई है, जबकि वास्तविकता यह है कि वर्तमान में केवल एक ही काउंटर से बुकिंग का कार्य किया जा रहा है। इसी विरोधाभास के कारण आम नागरिकों को लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।

भिलाई सेक्टर 1 उप डाकघर में स्पीड पोस्ट, पंजीकृत डाक एवं पार्सल बुकिंग के लिए लंबी कतारों से परेशान होकर अधिवक्ता शिखर परगनिहा ने कतार में खड़े-खड़े ही ऑनलाइन आरटीआई आवेदन पिछले माह प्रस्तुत किया था। आरटीआई के जवाब में विभाग ने यह भी बताया कि 28 सितंबर से 27 अक्टूबर 2026 के बीच कुल 5,811 डाक लेख अन्य श्रेणियों में बुक किए गए। वहीं, काउंटरों की संख्या के निर्धारण एवं पर्यवेक्षण के लिए जिम्मेदार अधिकारी के रूप में उप डाकपाल विनोद कुमार तिवारी का नाम बताया गया है।

अधिवक्ता शिखर परगनिहा ने डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि विभागीय जवाब और वास्तविक स्थिति के अंतर की जांच कराई जाए तथा दोनों काउंटरों को नियमित रूप से संचालित कर आम नागरिकों को लंबी कतारों से राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि जब विभाग के रिकॉर्ड में दो काउंटर संचालित हैं, तो आम जनता को केवल एक काउंटर की सुविधा क्यों मिल रही है? डाक विभाग को इस विसंगति का जवाब देना चाहिए।