Bhilai Steel Plant: रेगुलर कर्मचारियों को नॉन फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम का गिफ्ट और ठेका मज़दूरों को दें गिफ्ट वाउचर
इंटक की मांग बीएसपी कर्मचारियों के लिए दिसंबर 2026 से नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम शुरू करे प्रबंधन। उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में दोनों वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील इम्प्लाइज यूनियन इंटक, भिलाई के महासचिव संजय कुमार साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी के नाम वरिष्ठ प्रबंधक राहुल थोटे को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि संयंत्र के नियमित कर्मचारियों के लिए दिसंबर 2026 से नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम (गैर-वित्तीय प्रोत्साहन योजना) प्रारंभ की जाए।
महासचिव संजय कुमार साहू ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र लगातार उत्पादन, उत्पादकता एवं लाभार्जन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। संयंत्र नए उत्पादन लक्ष्य प्राप्त करने के साथ-साथ लाभार्जन में भी निरंतर वृद्धि कर रहा है। इस उपलब्धि में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और कार्यकुशलता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इंटक यूनियन ने कहा कि आने वाले समय में संयंत्र को और ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा निर्धारित उत्पादन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में वर्ष 2007 से लागू इंसेंटिव स्कीम के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि आज के उत्पादन, उत्पादकता और महंगाई के अनुपात में पर्याप्त नहीं है। इसलिए कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम प्रारंभ करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि इस योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं टीमों को आकर्षक उपहार, गिफ्ट वाउचर, उपयोगी सामग्री एवं सम्मान प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाए। इससे कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, कार्य के प्रति समर्पण और संयंत्र के प्रति अपनत्व की भावना बढ़ेगी।
ठेका श्रमिकों को भी मिले गिफ्ट वाउचर, स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक
स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक के अध्यक्ष संजय कुमार साहू ने ठेका श्रमिकों को भी गिफ्ट वाउचर प्रदान करने की मांग उठाई है। इस संबंध में यूनियन की ओर से निदेशक प्रभारी के नाम वरिष्ठ प्रबंधक राहुल थोटे को अलग से ज्ञापन सौंपा गया।
संजय कुमार साहू ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र में 70 प्रतिशत से अधिक कार्यबल के रूप में ठेका श्रमिक उत्पादन, उत्पादकता एवं संयंत्र के रखरखाव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में नियमित कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सेल एवं भिलाई इस्पात संयंत्र के उत्पादन और लाभार्जन में ठेका श्रमिकों का भी महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि जब संयंत्र की उपलब्धियों और सफलता में नियमित कर्मचारियों के साथ ठेका श्रमिकों की भी बराबर की मेहनत शामिल है, तो उन्हें प्रोत्साहन और सम्मान से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। ठेका श्रमिकों को गिफ्ट वाउचर प्रदान करने से उनका मनोबल बढ़ेगा तथा वे और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ संयंत्र की प्रगति में योगदान देंगे।
इंटक यूनियन ने प्रबंधन से आग्रह किया है कि नियमित कर्मचारियों के लिए दिसंबर 2026 से नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम तथा ठेका श्रमिकों के लिए गिफ्ट वाउचर योजना लागू करने की सकारात्मक पहल की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे
प्रतिनिधिमंडल में पूरन वर्मा, जी.आर. सुमन, गिरिराज देशमुख, विश्वनाथ सिंह साहू, सुरेश, श्याम कुमार, जी.के. सूर्यवंशी, सी.पी. वर्मा, गुरुदेव साहू, ताम्रध्वज सिन्हा, रमन मूर्ति, एस.बी. सिंह, राजकुमार, विजय विश्वकर्मा, जयराम ध्रुव, राजकुमार नायर, संतोष कुमार ठाकुर, मनोज कुलदीप, आर. दिनेश एवं किशोर प्रधान सहित अन्य यूनियन पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।