Bhilai Steel Plant: रावघाट खदान में 16 सूत्रीय मांग पर अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, माइनिंग-ट्रांसपोर्ट पूरी तरह बंद करने का दावा
कर्मचारियों ने रावघाट पुलिस और नारायणपुर पुलिस पर हड़ताल स्थगित कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का सवाल है कि जब हमारी मांग BSP और KCCL प्रबंधन से है तो प्रशासन क्यों दबाव डाल रहा।
सूचनाजी न्यूज, रावघाट। सेल भिलाई स्टील प्लांट की आयरन ओर माइंस रावघाट में 23 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। कर्मचारियों ने माइनिंग और ट्रांसपोर्ट पूरी तरह बंद करने की जानकारी प्रबंधन को दे दी है। रावघाट खदान क्षेत्र में कर्मचारियों का आंदोलन लगातार जारी होने से प्रोडक्शन पर असर पड़ना शुरू हो जाएगा। 16 सूत्रीय मांगों को लेकर 23 अक्टूबर से कर्मचारी शांतिपूर्ण तरीके से हड़ताल पर बैठे हैं।
कर्मचारियों ने बताया कि BSP के उच्च अधिकारी, ED और KCCL डायरेक्टर धरना स्थल पर पहुंचकर मांग एक झटके पूरा करें, तभी दोलन समाप्त करने पर विचार किया जाएगा। पेमेंट स्लिप कंपनी की वेबसाइट पर ऑनलाइन करने, नियुक्ति पत्र जारी करने, PF और माइंस अलाउंस ब्याज सहित देने तथा जोखिम भत्ता, सेफ्टी भत्ता, पेट्रोल भत्ता और धूल एवं कठिन कार्य भत्ता एवं अन्य सभी प्रकार भत्ते देने की मांग की गई है।
27 से माइनिंग और ट्रांसपोर्ट पूरी तरह बंद करने का दावा
वहीं, कर्मचारियों ने रावघाट पुलिस और नारायणपुर पुलिस पर हड़ताल स्थगित कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का सवाल है कि जब हमारी मांग BSP और KCCL प्रबंधन से है, तो प्रशासन के अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी आंदोलन समाप्त करने के लिए दबाव क्यों बनाया जा रहा है? कर्मचारियों ने साफ कहा कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन रहेगा जारी। अब बड़ा सवाल ये है कि कर्मचारियों की मांगों पर BSP और KCCL प्रबंधन कब लेगा फैसला?