Bhilai Steel Plant: रावघाट खदान का तीन दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस, पढ़ें क्या रहा खास
खोड़गांव, भैया साल्हेभाट एवं अंतागढ़ में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत का सम्मान। रावघाट खदान प्रबंधन क्षेत्र के जनजातीय समुदाय के सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विकास के साथ स्थानीय समुदाय के साथ मजबूत एवं सकारात्मक संबंध स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
सूचनाजी न्यूज, अंतागढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र के रावघाट खदान प्रबंधन द्वारा तीन दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस क्रम में 12 नवंबर 2026 को ग्राम खोड़गांव, 13 नवंबर 2026 को ग्राम भैया साल्हेभाट तथा 14 नवंबर 2026 को डीएवी स्कूल, अंतागढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन आयोजनों के माध्यम से रावघाट खदान प्रबंधन ने जनजातीय समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता, सम्मान एवं सामाजिक प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए स्थानीय समुदाय की सहभागिता और सांस्कृतिक विरासत को विशेष महत्व प्रदान किया।
12 एवं 13 नवंबर : खोड़गांव एवं भैया साल्हेभाट में जनजातीय गौरव दिवस
तीन दिवसीय आयोजन की शुरुआत 12 नवंबर 2026 को ग्राम खोड़गांव में हुई। इसके पश्चात 13 नवंबर 2026 को ग्राम भैया साल्हेभाट में जनजातीय गौरव दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। भैया साल्हेभाट के कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती धन्तेश्वरी भट्टी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में ग्राम भैया साल्हेभाट के सरपंच श्री प्यारे लाल उसेंडी, श्री सोमनाथ उसेंडी, श्री सुंदरू कुमेटी एवं श्री बंशीलाल दुग्गा सहित आसपास के 37 गांवों के गायता, पटेल, पुजारी एवं सरपंचगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में जनजातीय नागरिक, स्कूली बच्चे तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा जनजातीय लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन रावघाट खदान के मानव संसाधन विभाग के उप महाप्रबंधक डॉ. यशवंत कुमार साहू ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए ऐसे आयोजनों के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रम कल्याण अधिकारी श्री दौलतराम पोयाम ने किया।
मुख्य अतिथि धनेश्वरी भट्टी ने भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा एवं अस्मिता को सम्मान देने के साथ समाज में सकारात्मक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने इस तरह के आयोजन प्रतिवर्ष निरंतर किए जाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के विशेष उद्बोधन में रावघाट खदान के सहायक महाप्रबंधक श्री उपेंद्र कुमार सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, अदम्य साहस, देशभक्ति तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर लगभग 37 गांवों से पधारे गायता, पटेल, पुजारी एवं सरपंचगण तथा रावघाट खदान में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों को भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में रावघाट खदान के उप महाप्रबंधक श्री सचिन रंगारी ने आभार प्रदर्शन किया।
14 नवंबर: डीएवी स्कूल, अंतागढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह
आयोजन की अंतिम कड़ी में 14 नवंबर 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा सीएसआर मद से संचालित डीएवी स्कूल, अंतागढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक विक्रम उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष राधेलाल नाग, भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत के सामूहिक गायन, दीप प्रज्वलन एवं भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। डीएवी स्कूल के प्राचार्य श्री जी.के. साहू ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत पर आधारित मनमोहक गीत-संगीत एवं नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि विधायक श्री विक्रम उसेंडी ने विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा सीएसआर के माध्यम से डीएवी स्कूल का संचालन कर क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार हेतु किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, अदम्य साहस, देशभक्ति एवं जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष राधेलाल नाग ने भी भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं विचारों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए जनजातीय समाज की संस्कृति, अस्मिता एवं परंपराओं के संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। वहीं भिलाई इस्पात संयंत्र के सहायक महाप्रबंधक श्री उपेंद्र कुमार सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान रावघाट खदान प्रबंधन द्वारा उपस्थित अतिथियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके शिक्षकों को भी सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत जनजातीय समुदाय के कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित कर उनके योगदान एवं सहभागिता को गौरवान्वित किया गया।
जनजातीय समाज के सम्मान, सहभागिता एवं विकास के प्रति प्रतिबद्धता
तीन दिनों तक चले इन आयोजनों के माध्यम से भिलाई इस्पात संयंत्र के रावघाट खदान प्रबंधन ने जनजातीय समाज के पारंपरिक नेतृत्व, लोक संस्कृति, कला, सामाजिक एकजुटता एवं गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का सराहनीय प्रयास किया। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पारंपरिक ग्राम प्रमुखों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं जनजातीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।
भिलाई इस्पात संयंत्र का रावघाट खदान प्रबंधन क्षेत्र के जनजातीय समुदाय के सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विकास के साथ स्थानीय समुदाय के साथ मजबूत एवं सकारात्मक संबंध स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को स्मरण करते हुए आयोजित यह समारोह सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं जनजातीय गौरव के प्रति सम्मान का प्रेरणादायी संदेश देने में सफल रहा।