Bhilai Township: जिस सड़क पर छात्रा की मौत, वहीं फिर हादसा, BSP कर्मी ज़ख्मी, अब तो बना दीजिए डिवाइडर…

भिलाई स्टील प्लांट के आटो रिपेयर शॉप के कर्मचारी टीमन सिंह साहू नाइट शिफ्ट ड्यूटी जा रहे थे। साइकिल सवार से वाहन की टक्कर हुई। दोनों चोटिल हुए हैं। साइकिल सवार काफी देर तक सड़क पर औंधे मुंह पड़ा था।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। जिस फॉरेस्ट एवेन्यू पर एक छात्रा की मौत हुई। उसी सड़क पर एक और हादसा बीती रात हो गया है। एक बाइक और साइकिल में टक्कर हुई है। ड्यूटी जा रहे बीएसपी कर्मी को भी चोट लगी। जबकि साइकिल सवार सड़क पर औंधे मुंह काफी देर तक पड़ा था। राहगीर रुके। तत्काल एम्बुलेंस की मदद ली गई। अस्पताल पहुंचाया गया। 

सेक्टर 5 फॉरेस्ट एवेन्यू 33 एमएलडी के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे के बाद हादसा हुआ है। भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारी के आटो रिपेयर शॉप के 55 वर्षीय कर्मचारी टीमन सिंह साहू नाइट शिफ्ट ड्यूटी जा रहे थे। रात करीब साढ़े 10 बाइक क्रमांक सीजी 07 एलआर 7901 से वह जेपी सीमेंट चौक से पहले पान ठेला के पास पहुंचे थे, तभी साइकिल सवार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। 

रफ्तार अधिक होने से साइकिल सवार भी सड़क पर गिर गया। बीएसपी कर्मी को भी चोट लगी। दोनों हाथ छिल गए। राहगीरों ने मेन मेडिकल पोस्ट फोन कर जानकारी दी। एम्बुलेंस पहुंची और सीधे सेक्टर 9 हॉस्पिटल ले गई। बीएसपी कर्मचारी के बारे में बताया जा रहा है कि एक्सरे आदि किया गया। गंभीर चोट की पुष्टि नहीं होने पर डाक्टरों ने रात में ही डिस्चार्ज कर दिया था। वहीं, साइकिल सवार कौन था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

शुक्रवार रात में जिस मार्ग पर हादसा हुआ है। वहीं, पूर्व में बीएसपी कर्मचारी का भी एक्सीडेंट हो चुका है। इलाज के दौरान कर्मचारी ने सेक्टर 9 हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया था। इसी सप्ताह एक छात्रा की भी मौत हादसे में हो चुकी है। लगातार डिवाइडर बनाने की मांग की जा रही है। लेकिन, बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। हादसे होते जा रहे हैं। मौत भी हो चुकी है। बावजूद, किसी की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।