BMS बोला-RFID गैर जरूरी, 1 जनवरी से बेस किचन में खुलेगी मॉडल कैंटीन
बीएसपी के ईडी एचआर पवन कुमार की अध्यक्षता में यूनियन नेताओं की मीटिंग। बीएमएस के कार्यकारी अध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने रिटेंशन स्कीम, सब्जेक्ट टू वेकेशन, लाइसेंस स्कीम शुरू करने की मांग की।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट, हॉस्पिटल और टाउनशिप के मुद्दे पर यूनियन-प्रबंधन के बीच अहम बैठक गुरुवार को हुई। इस्पात भवन में ईडी एचआर पवन कुमार, सीजीएम एचआर प्रशांत ओझा और जीएम आइआर राजीव कुमार आदि अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक हुई। बीएमएस के कार्यकारी अध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने रिटेंशन स्कीम, सब्जेक्ट टू वेकेशन, लाइसेंस स्कीम शुरू करने की मांग की।
उन्होंने टाउनशिप की सड़कों को जल्द बनाने एवं बोरिया गेट से चोपड़ा पेट्रोल पंप तक के रोड चौड़ीकरण, डिवाइड बनाने की मांग की। नॉन फाइनेंशियल स्कीम पुनः शुरू करने की मांग की एवं कहा कि अभी तक कई विभागों में इस स्कीम के तहत गिफ्ट नहीं दिया गया है। कर्मचारियों को जल्द गिफ्ट दिलाया जाए।
उन्होंने आरएफआईडी को गैर जरूरी बताते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की। वंश बहादुर सिंह ने प्लांट के अंदर दो जगह मॉडल कैंटीन खोलने की मांग की। उन्होंने इस्पात क्लबों का रिनोवेशन करने एवं गार्ड्स की भर्ती करने की भी मांग रखी है। बीएसपी कर्मचारियों को अच्छे क्वालिटी का सेफ्टी अप्लायंसेज देने की मांग रखी।
यूनियन के अध्यक्ष प्रदीप पाल ने ठेका कार्य के सभी साइट पर सेफ्टी सुपरवाइजर रखने एवं ब्लास्ट फर्नेस 6 के सामने की कैंटीन को रिनोवेट कर मुख्य कैंटीन बनाने की मांग की। प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि 1 जनवरी से बेस किचन में एक मॉडल कैंटीन खोला जाएगा।