Bokaro Steel Champions Trophy: 33 टीम, 462 कर्मचारियों के साथ 29 से टूर्नामेंट का आगाज़
निर्धारित समय तक बीएसएल के विभिन्न विभागों से कुल 32 टीमों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। साथ ही इस वर्ष चासनाला माइंस से भी एक टीम इस टूर्नामेंट में भाग ले रही है।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। पिछले 4 वर्षों की भांति इस वर्ष भी बोकारो स्टील प्लांट में कार्यरत डिप्लोमा इंजीनियरों के द्वारा बोकारो स्टील प्लांट के सभी नॉन एग्जीक्यूटिव कर्मचारियों के लिए टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट (स्टील चैंपियंस ट्रॉफी) का आयोजन किया जा रहा है। ये टूर्नामेंट सेक्टर 4 क्रिकेट स्टेडियम में 29 नवंबर 2026 दिन रविवार से आयोजित किया जाएगा।
इस टूर्नामेंट में बोकारो स्टील प्लांट के सभी मुख्य विभाग जैसे सी आर एम 3, हॉट स्ट्रीप मिल,एच आर सी एफ, बी पी एस सी एल, डी एंड डब्ल्यू, आर जी बी एस, आर एम एच पी, आर एम पी,एस एम एस टू और एस एम एस न्यू, ब्लास्ट फर्नेस, कोक ओवन, ऑक्सीलियरी विभाग, मानव संसाधन विभाग, नगर सेवा भवन, बोकारो जनरल अस्पताल सहित अन्य विभागों की विभागीय टीमें हिस्सा ले रहीं हैं।
टीमों के एंट्री लेने की अंतिम तारीख 5 नवंबर निर्धारित की गई थी। निर्धारित समय तक बी एस एल के विभिन्न विभागों से कुल 32 टीमों ने रजिस्ट्रेशन कराया है साथ ही इस वर्ष चासनाला माइंस से भी एक टीम इस टूर्नामेंट में भाग ले रही है। इस प्रकार इस टूर्नामेंट में कुल 33 टीमें अपने 462 खिलाड़ियों (बीएसएल एम्पलाइज) के साथ टूर्नामेंट में उतरेंगी।
टूर्नामेंट में प्रत्येक मैच 12- 12 ओवरों का होगा केवल सेमी फाइनल और फाइनल मैच 14- 14 ओवरों के होंगे। एक खिलाड़ी को केवल किसी एक टीम से ही खेलने की अनुमति होगी। सभी मैच टेनिस बॉल से खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन हेतु आज सेक्टर 4 क्रिकेट स्टेडियम में डिप्लोमा इंजीनियरों के बैठक की गई। बैठक में BIDU के महामंत्री संदीप कुमार, सोनू शाह, प्रेमनाथ राम, चंदन द्विवेदी, संटू, गजानन तिवारी, चंदन सिंह, लक्ष्मण आदि उपस्थित रहे।