Bokaro Steel Plant: ब्लास्ट फर्नेस ने रचा कीर्तिमान, 13,508 टन का अब तक का सर्वाधिक उत्पादन
22 अप्रैल 2025 को ब्लास्ट फर्नेस विभाग ने सर्वाधिक दैनिक हॉट मेटल उत्पादन का रिकॉर्ड 12,877 टन का बनाया था। अब पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र ने उत्पादन के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी परिचालन उत्कृष्टता का परिचय दिया है। संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस विभाग ने 20 नवंबर 2026 को तीन फर्नेस के परिचालन के साथ 13,508 टन हॉट मेटल का अब तक का सर्वाधिक दैनिक उत्पादन दर्ज कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही ब्लास्ट फर्नेस विभाग ने अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इससे पूर्व, तीन फर्नेस के परिचालन में सर्वाधिक दैनिक हॉट मेटल उत्पादन का रिकॉर्ड 12,877 टन का था, जिसे 22 अप्रैल 2025 को दर्ज किया गया था।
यह उल्लेखनीय सफलता बीएसएल शीर्ष प्रबंधन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री शौविक रॉय एवं उनकी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर तकनीकी समन्वय का परिणाम है। संयंत्र प्रबंधन ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए ब्लास्ट फर्नेस सहित सभी सहयोगी विभागों की पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी है तथा भविष्य में भी निरंतर उच्चतर लक्ष्यों को प्राप्त करने का आह्वान किया है।
यह रिकॉर्ड उत्पादन बोकारो इस्पात संयंत्र की कार्यकुशलता, संसाधनों के इष्टतम उपयोग और उच्च उत्पादकता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। टीम भावना और तकनीकी दक्षता के बल पर अर्जित यह सफलता आगामी दिनों में भी संयंत्र को परिचालन उत्कृष्टता के नए शिखर पर ले जाने के लिए प्रेरित करेगी।