Bokaro Steel Plant: विस्थापित मेन गेट भी कल करेंगे बंद, अधिकारी-कर्मचारी, ठेका मजदूर होंगे बंधक, विधायक श्वेता ने कहा-महायुद्ध चल रहा, पुलिस तैयार...

बोकारो स्टील प्लांट में नियोजन की मांग पर विस्थापित संयुक्त मोर्चा ने 17 अक्टूबर से मेन गेट अनिश्चितकालीन बंद करने की चेतावनी दी। 7 दिन की भूख हड़ताल के बाद आंदोलन तेज। विस्थापित संयुक्त मोर्चा ने चास एसडीओ को सौंपा पत्र।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में नियोजन की मांग को लेकर विस्थापितों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा आंदोलन कर रहे विस्थापितों ने अब प्लांट के मेन गेट को अनिश्चितकालीन बंद करने का ऐलान किया है। विस्थापित संयुक्त मोर्चा ने प्लांट के गेट नंबर-01 (मेन गेट) को संवैधानिक तरीके से अनिश्चितकालीन बंद करने की चेतावनी दी है। वहीं, बीएसएल प्रबंधन हर हालात से निपटने के लिए तैयारी कर रही है। उत्पादन प्रभावित न होने पाए, इसको देखते हुए मैनपॉवर का इंतजाम किया जा रहा है। किसी भी हिंसक हालात से निपटने के लिए जिला प्रशासन भी सख्त रुख अपनाने को तैयार बताया जा रहा है। पिछली बार की तरह इस बार कोई गलती नहीं करने की बात कही जा रही है। 

विस्थापितों के आंदोलन के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठीं विधायक श्वेता सिंह ने कहा-महायुद्ध चल रहा है। मेन गेट भी कल से बंद रहेगा। आंदोलन निर्णायक मोड़ पर आ चुका है। सही मायने में विस्थापित परिवार एक इतिहास लिखने जा रहे हैं। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के सातवें दिन लोग बैठे हैं। हमारे परिवार का एक-एक सदस्य इस महायुद्ध में अपनी आहूति देने आएं। जिस दिन हम अपना अधिकार लेंगे, उसी दिन जश्न मनाएंगे। चतुर्थ वर्गी आरक्षण विस्थापितों का मिलने पर जश्न मनाएंगे। महायुद्ध में विजय प्राप्त होगा। 

इस संबंध में मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष निर्वारण दिगार ने चास के अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र सौंपकर विस्थापितों की नियोजन संबंधी मांगों पर शीघ्र पहल करने का अनुरोध किया है। विस्थापित संयुक्त मोर्चा के अनुसार, विस्थापित नियोजन की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में 10 अक्टूबर से विस्थापित अप्रेंटिस संघ और विस्थापित परिवारों के सदस्य नियोजन की मांग को लेकर शहीद प्रेम प्रसाद महतो की माताजी, बोकारो विधायक श्वेता सिंह, सांसद प्रतिनिधि अंजेला सिंह और अन्य विस्थापितों की मौजूदगी में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

विस्थापित संयुक्त मोर्चा ने चास के अनुमंडल पदाधिकारी से नियोजन संबंधी मांगों पर उचित एवं शीघ्र पहल करने का आग्रह किया है। अब देखना होगा कि प्रशासन और बीएसएल प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और विस्थापितों के आंदोलन को रोकने के लिए कोई समाधान निकलता है या नहीं।