Bokaro Steel Plant: बोकारो में वृद्धाश्रम की स्थापना की तैयारी, 40 बुजुर्गों के रहने-खाने की होगी व्यवस्था
प्रस्तावित वृद्धाश्रम के संचालन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी चयनित अनुभवी संस्था को सौंपी जाएगी। बीएसएल के एक पुराने विद्यालय भवन को उपलब्ध कराया जाएगा, जहां न्यूनतम 40 बुजुर्गों के रहने एवं देखभाल की व्यवस्था की जाएगी।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो स्टील प्लांट से अच्छी खबर है। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत बोकारो में एक वृद्धाश्रम स्थापित करने की पहल की जा रही है। इस दिशा में बीएसएल द्वारा इच्छुक गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), स्वयंसेवी संस्थाओं, चैरिटेबल संस्थानों एवं अन्य सक्षम एजेंसियों से प्रस्ताव आमंत्रित करने के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी किया गया है।
प्रस्तावित वृद्धाश्रम के संचालन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी चयनित अनुभवी संस्था को सौंपी जाएगी। इसके लिए बीएसएल के एक पुराने विद्यालय भवन को उपलब्ध कराया जाएगा, जहां न्यूनतम 40 बुजुर्गों के रहने एवं देखभाल की व्यवस्था की जाएगी।
ईओआई के प्रमुख प्रावधानों के अनुसार, चयनित संस्था को वृद्धाश्रम का संचालन एवं प्रबंधन निर्धारित शर्तों तथा आगामी समझौता ज्ञापन (एमओए) के अनुरूप करना होगा। संस्था द्वारा निवासियों के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की व्यवस्था, पौष्टिक भोजन, व्यक्तिगत देखभाल, चिकित्सा सहायता, परिसर का रखरखाव, आवश्यक अभिलेखों का संधारण तथा बुजुर्गों के समग्र कल्याण को सुनिश्चित करना होगा।
वृद्धाश्रम के संचालन की प्रारंभिक अवधि तीन वर्ष निर्धारित की गई है, जिसे संबंधित संस्था के संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। वृद्धाश्रम को बुजुर्गों के अनुकूल बनाने के लिए चयनित विद्यालय भवन का नवीनीकरण, आवश्यक संशोधन एवं उन्नयन बीएसएल द्वारा कराया जाएगा।
यह कार्य स्वीकृत योजना एवं लागू मानकों के अनुरूप किया जाएगा, जिसमें बुजुर्गों की शारीरिक, चिकित्सकीय एवं मनोवैज्ञानिक आवश्यकताओं तथा उनकी समुचित देखभाल से जुड़े सभी पहलुओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस पहल के माध्यम से बीएसएल का उद्देश्य समाज के वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं बेहतर देखभाल का वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक योगदान देना है।