Bokaro Steel Plant: तंबाकू की लत छुड़ाने BGH में निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी, कर्मचारी ध्यान दें
बोकारो जनरल अस्पताल के कक्ष संख्या-9 में निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी (NRT) एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बीएसएल में ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। तंबाकू सेवन करने वाले सेल बोकारो स्टील प्लांट कर्मचारियों की लत छुड़ाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। तंबाकू सेवन छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बोकारो जनरल अस्पताल के कक्ष संख्या-9 में निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी (NRT) एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस सुविधा के माध्यम से इच्छुक व्यक्ति विशेषज्ञ चिकित्सकों के मार्गदर्शन में तंबाकू की लत से मुक्त होने की दिशा में आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) द्वारा भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित 60 दिवसीय ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ के तहत अधिशासी निदेशक (संकार्य) के सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संयंत्र में कार्यरत कर्मियों एवं युवाओं को तंबाकू सेवन के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का आयोजन अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (टेक्निकल सेल) उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीजीएच), ओएचएस प्रमुख, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक, स्कूल ऑफ नर्सिंग की छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं मानव स्वास्थ्य पर इसके दूरगामी दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को तंबाकू का सेवन न करने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (टेक्निकल सेल) ने अपने संबोधन में स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सभी से तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने तथा इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
कार्यक्रम में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों एवं इससे जुड़ी गंभीर बीमारियों पर विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किए गए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (छाती रोग विशेषज्ञ) ने तंबाकू सेवन से फेफड़ों एवं श्वसन तंत्र पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों तथा इससे होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में जानकारी दी। वहीं, मुख्य सलाहकार (ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जन) ने तंबाकू सेवन से होने वाले मुख संबंधी गंभीर रोगों के खतरों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण स्कूल ऑफ नर्सिंग की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत जागरूकता नाटक रहा। नाटक के माध्यम से तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों तथा तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को इस सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से तंबाकू सेवन के विरुद्ध सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने, युवाओं को इस लत से दूर रखने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।