Bokaro Steel Plant: 584.10 रुपए के प्रीमियम पर ठेका मजदूरों का 10 लाख का दुर्घटना बीमा, बाकी अंशदान ठेकेदारों का
बीएसएल में कार्यरत ठेका श्रमिकों को समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के तहत ₹10 लाख का बीमा कवरेज। 18 नवंबर 2026 से 17 नवंबर 2027 तक की अवधि के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा सुरक्षा प्रदान की जाएगी। प्रति श्रमिक वार्षिक प्रीमियम की कुल राशि ₹991.20 निर्धारित की गई है।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) प्रबंधन संयंत्र में कार्यरत ठेका श्रमिकों के लिए अच्छी खबर है। ठेका श्रमिक संयंत्र की उत्पादन एवं परिचालन गतिविधियों का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके योगदान को महत्व देते हुए बीएसएल प्रबंधन उनके साथ-साथ उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए रहे। इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बीएसएल में कार्यरत ठेका श्रमिकों हेतु 'समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना (Group Personal Accident Insurance Scheme- GPAIS)' के नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस योजना के अंतर्गत 18 नवंबर 2026 से 17 नवंबर 2027 तक की अवधि के लिए ठेका श्रमिकों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इस पहल का प्रमुख उद्देश्य किसी अप्रत्याशित दुर्घटना की स्थिति में श्रमिकों के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना तथा कठिन परिस्थितियों में उनकी वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता करना है।
यह बीमा पॉलिसी बोकारो वेलफेयर ट्रस्ट (बोकारो स्टील प्लांट के ठेकेदारों का पंजीकृत ट्रस्ट) के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत आई.पी. नंबर से निर्गत सक्रिय गेट पास वाले प्रत्येक ठेका श्रमिक को बीमा सुरक्षा के दायरे में लाना अनिवार्य किया गया है। पॉलिसी की अवधि के दौरान कार्यस्थल अथवा कार्यस्थल के बाहर किसी भी दुर्घटना के कारण श्रमिक की मृत्यु होने की स्थिति में उनके नामित आश्रित (Nominee) को ₹10 लाख की बीमा राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार, यह योजना किसी दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित परिवार को संभावित आर्थिक संकट से उबरने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेगी।
योजना के अंतर्गत प्रति श्रमिक वार्षिक प्रीमियम की कुल राशि ₹991.20 निर्धारित की गई है। इसमें से ₹584.10 का वार्षिक अंशदान ठेका श्रमिक द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि शेष राशि संबंधित ठेकेदार द्वारा वहन की जाएगी। बीएसएल प्रबंधन एक सुरक्षित, समावेशी एवं श्रमिक-हितैषी कार्यसंस्कृति के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना इसी प्रतिबद्धता की एक सार्थक अभिव्यक्ति है।