Bokaro Steel Plant: पंडित जवाहर लाल नेहरू जी को किया याद, स्पेशल रिजर्वेशन सेल कार्यालय की सौगात
बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के इस्पात भवन के बी-विंग स्थित द्वितीय तल पर नवीनीकृत विशेष आरक्षण प्रकोष्ठ (स्पेशल रिजर्वेशन सेल) कार्यालय का उद्घाटन किया गया।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो स्टील प्लांट की खबर आप पढ़ रहे हैं। स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री तथा राष्ट्र निर्माण में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को “आधुनिक भारत के मंदिर” की संज्ञा देने वाले पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) द्वारा उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी, अधिशासी निदेशक (माइंस) विकास मनवटी, अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) सीआर मिश्रा, अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा) बी.बी करुणामय, अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) अनीष सेनगुप्ता, कार्यकारी अधिशासी निदेशक (संकार्य) अजय कुमार, कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण गुप्ता कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (नगर प्रशासन) एल उपाध्याय, तथा संचार (प्रमुख) मणिकान्त धान सहित संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सेक्टर-5 तथा जवाहरलाल नेहरू जैविक उद्यान स्थित पंडित नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया।
इधर-नवीनीकृत विशेष आरक्षण प्रकोष्ठ कार्यालय का उद्घाटन
संस्थागत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा आरक्षण संबंधी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के इस्पात भवन के बी-विंग स्थित द्वितीय तल पर नवीनीकृत विशेष आरक्षण प्रकोष्ठ (स्पेशल रिजर्वेशन सेल) कार्यालय का उद्घाटन किया गया।
इस नवीनीकृत कार्यालय का उद्घाटन राजश्री बनर्जी, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) ने किया। इस अवसर पर ए. के. शरण, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन); एच. शेखर, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन); तपन कोंगाड़ी, महाप्रबंधक (विधि) तथा एससी/एसटी फेडरेशन के सदस्य उपस्थित थे। वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति एवं प्रोत्साहन तथा फेडरेशन के सदस्यों की सहभागिता ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।
नवीनीकृत कार्यालय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित आरक्षण मामलों के प्रभावी निष्पादन के लिए आवश्यक संस्थागत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने एवं प्रशासनिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के प्रति बीएसएल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही यह सेल-बोकारो स्टील प्लांट में एक सहयोगात्मक, समावेशी एवं प्रगतिशील कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने तथा आरक्षण संबंधी दायित्वों के सुचारु एवं प्रभावी निर्वहन की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।