BREAKING NEWS: ड्यूटी के लिए निकले BSP कर्मी की मौत, पुलिया के नीचे पानी में मिली लाश
BSP कर्मचारी की बाइक सोमनी पुलिया से नीचे गिरी, पानी में मिला शव। 35 वर्षीय कर्मचारी की दर्दनाक मौत। भिलाई स्टील प्लांट के SMS-3 इलेक्ट्रिकल विभाग में कार्यरत ओम प्रकाश वर्मा की सोमनी पुलिया के नीचे सड़क हादसे में मौत। पानी में मिली बाइक और लाश।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल-भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के एक कर्मचारी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। ड्यूटी के लिए घर से निकले 35 वर्षीय ओम प्रकाश वर्मा की लाश रविवार तड़के सोमनी पुलिया के नीचे पानी में मिली। पास में ही उनकी बाइक भी बरामद हुई। इस घटना से बीएसपी कर्मियों और परिचितों में शोक की लहर है।
ओम प्रकाश वर्मा राजनांदगांव जिले के ग्राम कोलियापुरी के निवासी थे। वह शनिवार शाम अपने गांव से भिलाई स्टील प्लांट में ड्यूटी के लिए निकले थे। रास्ते में सोमनी पुलिया के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त होकर नीचे पानी में जा गिरी। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि बाइक पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पुलिया से नीचे जा गिरी।
रविवार भोर में वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर पानी में पड़ी बाइक और शव पर पड़ी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। राजनांदगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सोमनी अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
SMS-3 इलेक्ट्रिकल विभाग में थे कार्यरत
ओम प्रकाश वर्मा भिलाई स्टील प्लांट के एसएमएस-3 (SMS-3) इलेक्ट्रिकल विभाग में कार्यरत थे। उनकी मौत की सूचना बीएसपी प्रबंधन को भी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले काफी दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे। उनका परिवार डोंगरगढ़-मुसरा स्टेशन के पास स्थित कोलियापुरी गांव में रहता है। भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-6 में भी उन्हें आवास आवंटित था।
परिजनों में मातम, अंतिम संस्कार की तैयारी
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में मातम पसर गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी की गई। गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। ड्यूटी के लिए घर से निकले एक युवा कर्मचारी की इस तरह असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस की जांच महत्वपूर्ण होगी।