बीएसएल आरजीबीएस-एचएसएम में रिकॉर्ड प्रदर्शन: रोल खपत घटी, उत्पादन में रचा इतिहास
असाधारण कार्यक्षमता के परिणामस्वरूप रोल फेल्योर और स्पॉलिंग (Spalling) की घटनाओं में भारी कमी आई है। सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र के आरजीबीएस (आरजीबीएस-एचएसएम) विभाग में अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनुप कुमार दत्त ने वित्त वर्ष 2025-2026 के दौरान विभाग द्वारा किए गए रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के लिए पूरी टीम की सराहना की। विभाग ने हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) के लिए विशिष्ट रोल खपत (Specific Roll Consumption) को घटाकर 0.885 किलोग्राम प्रति टन (फरवरी 2026 तक) के रिकॉर्ड निचले स्तर पर लाकर एक
- असाधारण कार्यक्षमता के परिणामस्वरूप रोल फेल्योर और स्पॉलिंग (Spalling) की घटनाओं में भारी कमी आई है।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र के आरजीबीएस (आरजीबीएस-एचएसएम) विभाग में अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनुप कुमार दत्त ने वित्त वर्ष 2025-2026 के दौरान विभाग द्वारा किए गए रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के लिए पूरी टीम की सराहना की।
विभाग ने हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) के लिए विशिष्ट रोल खपत (Specific Roll Consumption) को घटाकर 0.885 किलोग्राम प्रति टन (फरवरी 2026 तक) के रिकॉर्ड निचले स्तर पर लाकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है, जो कि वित्त वर्ष 2024-25 के 0.99 किलोग्राम प्रति टन की तुलना में उल्लेखनीय सुधार है. इसके साथ ही, विभाग ने हॉट स्ट्रिप मिल को 16,578 फिनिश्ड वर्क रोल्स का प्रेषण किया, जो संयंत्र की स्थापना के बाद से अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।
इस असाधारण कार्यक्षमता के परिणामस्वरूप रोल फेल्योर और स्पॉलिंग (Spalling) की घटनाओं में भारी कमी आई है, जिससे हॉट स्ट्रिप मिल के लिए निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाला उत्पादन सुनिश्चित हुआ है। इस सफलता की गति को भविष्य में भी बनाए रखने के उद्देश्य से अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने टीम के समक्ष प्रतिदिन 70 फिनिश्ड वर्क रोल्स तैयार करने का नया लक्ष्य रखा है। उन्होंने इन चुनौतीपूर्ण लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूर्ण प्रशासनिक सहयोग और विशेषज्ञ कार्यबल की तैनाती का आश्वासन दिया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने "सुरक्षा प्रथम" (Safety-First) के सिद्धांत पर विशेष बल देते हुए कार्य करने का आह्वान किया।
अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने मुख्य महाप्रबंधक केके पांडेय, महाप्रबंधक पी. पी. राव, महाप्रबंधक (डीएसओ) एन. एन. रामटेके तथा शॉप-इन-चार्ज श्री ए. पी. सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व के साथ-साथ मुख्य तकनीकी टीम के समर्पण की सराहना की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शॉप की उत्पादन क्षमता को और सुदृढ़ करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह उपलब्धि बोकारो इस्पात संयंत्र की परिचालन उत्कृष्टता और तकनीकी दक्षता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। रोल ग्राइंडिंग प्रक्रियाओं में किया गया यह सुधार न केवल हॉट स्ट्रिप मिल की उत्पादकता और गुणवत्ता को सुदृढ़ करेगा, बल्कि यह लागत प्रबंधन और निरंतर सुधार के प्रति बीएसएल की अटूट प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से रेखांकित करता है।