BSL ने ‘रणनीति’ बिजनेस सिमुलेशन प्रतियोगिता में लगातार चौथे वर्ष जीता चैंपियन का खिताब
फिनाले के अंतिम चरण में बीएसएल की टीम ने अपनी रणनीतिक सूझबूझ एवं प्रभावी निर्णय क्षमता के बल पर बाजी मारते हुए लगातार चौथी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो स्टील प्लांट ने प्रतिष्ठित सेल डायरेक्टर पर्सनल कप ‘रणनीति’ बिजनेस सिमुलेशन प्रतियोगिता में लगातार चौथे वर्ष चैंपियन बनकर अपनी प्रबंधकीय दक्षता, रणनीतिक सोच एवं निर्णय क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमटीआई), रांची में 12 एवं 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता के फिनाले में बीएसएल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथी बार चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
विजेता टीम में हॉट स्ट्रिप मिल के वरीय प्रबंधक राहुल रंजन पंडा, उप महाप्रबंधक राहुल सिंह तथा सेंट्रल मैकेनिकल मेंटेनेंस विभाग के वरीय प्रबंधक ओवैस अहमद शामिल थे। टीम ने सिमुलेशन आधारित व्यावसायिक परिस्थितियों का प्रभावी विश्लेषण करने, उपलब्ध संसाधनों का कुशल उपयोग करने, रणनीतिक योजनाएं तैयार करने तथा समयबद्ध एवं सटीक निर्णय लेने में अपनी दक्षता का परिचय दिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच टीम का प्रदर्शन उसकी व्यावसायिक समझ, विश्लेषणात्मक क्षमता एवं सामूहिक कार्यकुशलता को दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि अगस्त 2026 में शुरू हुई इस प्रतियोगिता में सेल की विभिन्न इकाइयों की 170 से अधिक टीमों ने भाग लिया। प्रारंभिक चरणों में प्रदर्शन के आधार पर कुल 22 टीमों को सेमीफाइनल के लिए चुना गया। इसके बाद, एमटीआई, रांची में 12 अक्टूबर को आयोजित सेमीफाइनल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 11 टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। फिनाले के अंतिम चरण में बीएसएल की टीम ने अपनी रणनीतिक सूझबूझ एवं प्रभावी निर्णय क्षमता के बल पर बाजी मारते हुए 13 अक्टूबर को लगातार चौथी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 से बीएसएल इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में लगातार चैंपियन बनता आ रहा है। लगातार चौथे वर्ष मिली यह सफलता संयंत्र के अधिकारियों की सुदृढ़ प्रबंधकीय क्षमता, रणनीतिक दक्षता तथा बदलती व्यावसायिक परिस्थितियों में प्रभावी निर्णय लेने की योग्यता को रेखांकित करती है।
यह उपलब्धि बीएसएल में नेतृत्व क्षमता के विकास, सतत सीखने तथा उत्कृष्ट प्रबंधकीय कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रतिबिंबित करती है। साथ ही, यह अधिकारियों की सामूहिक प्रतिभा और संगठनात्मक उत्कृष्टता के प्रति संयंत्र की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है।