बीएसपी ईडी एमएम एके चक्रवर्ती की रवानगी का वक्त आया पास, विदाई देने पहुंचे खासमखास
बीएसपी एंसिलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने बीएसपी के ईडी एमएम चक्रवर्ती को दी फेयरवेल पार्टी, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान। अध्यक्ष रतन दासगुप्ता ने उनकी कार्यशैली और उपलब्धियों की सराहना की। ईडी ने कहा-एंसिलरी एसोसिएशन को पूरे देश में अपना काम बढ़ाना चाहिए।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के ईडी एमएम एके चक्रवर्ती के रिटायरमेंट से पूर्व बीएसपी एंसिलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने उन्हें फेयरवेल पार्टी दी। एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन दासगुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया।
स्वागत भाषण एसोसिएशन के महासचिव श्यामसुंदर अग्रवाल ने दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य उमेश चितलांगिया ने अपने उद्बोधन में ईडी एमएम श्री चक्रवर्ती की कार्यशैली की भूरि भूरि प्रशंसा की। अध्यक्ष श्री दासगुप्ता ने उनकी कार्यशैली और उपलब्धियों की सराहना की। उनके नेतृत्व, ईमानदारी, कठिन परिस्थितियों में लिए गए सही निर्णयों और विभाग के प्रति उनके योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों में श्री चक्रवर्ती के साथ एसोसिएशन का समन्वय काफी अच्छा रहा, उनके कार्यकाल में एंसिलरी में बहुत डेवलपमेंट हुए। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसा समन्वय हमारे बीच बना रहेगा, हम एक दूसरे को सहयोग करते रहें।
इस अवसर पर ईडी एमएम एके चक्रवर्ती ने सम्मान किए जाने पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों में उनके समक्ष एंसिलरी की जो भी समस्याएं आई, उन्हें गंभीरता पूर्वक हल करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन को न केवल बीएसपी में बल्कि पूरे देश में अपना काम बढ़ाना चाहिए। भविष्य में भी एंसिलरी उद्योगों के लिए वे उपलब्ध रहेंगे। पदाधिकारी उनसे सलाह ले सकते हैं।
इस अवसर पर बीएसपी के सीजीएम एमएंडयू बीके बेहरा एवं सीजीएम एमएम केसी मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एके चक्रवर्ती के अच्छे स्वास्थ्य, परिवार के साथ सुखद समय और जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दी।धन्यवाद ज्ञापन रविशंकर मिश्रा ने दिया।