भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों बीएम ठाकुर और संतोष कुमार ने राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में जीते पदक
भिलाई इस्पात संयंत्र के बीएम ठाकुर और संतोष कुमार ने राष्ट्रीय फेडरेशन कप एवं वेस्ट जोन इंडिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर भिलाई का मान बढ़ाया।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के दो कर्मचारियों ने राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। राष्ट्रीय फेडरेशन कप एवं वेस्ट जोन इंडिया चैंपियनशिप प्रतियोगिता में बीएसपी के इन खिलाड़ियों ने अपनी ताकत, मेहनत और खेल कौशल का परिचय देकर भिलाई सहित छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के ट्रांसपोर्ट एंड डीजल विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत बी.एम. ठाकुर ने 74 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, अग्निशमन विभाग में लीडिंग फायरमैन के पद पर कार्यरत संतोष कुमार ने 105 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
15 वर्षों से जारी है पावरलिफ्टिंग का जुनून
खास बात यह है कि दोनों कर्मचारी पिछले 15 वर्षों से पावरलिफ्टिंग खेल से जुड़े हुए हैं। संयंत्र की जिम्मेदारियों के साथ खेल के प्रति निरंतर समर्पण, अनुशासन और कठिन अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनकी यह उपलब्धि बताती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और नियमित मेहनत से नौकरी के साथ खेल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
नरेंद्र बंछोर और कृष्णा साहू का विशेष योगदान
इस सफलता में छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र बंछोर एवं महासचिव कृष्णा साहू का विशेष योगदान रहा। दोनों खिलाड़ियों को इनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन का लाभ मिला, जिससे वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने में सफल रहे। उल्लेखनीय है कि संतोष कुमार छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। खेल के प्रति उनका समर्पण अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से भिलाई इस्पात संयंत्र के संबंधित विभागों, सहकर्मियों और परिवारजनों में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे भिलाई की खेल प्रतिभा और मेहनत का गौरवपूर्ण उदाहरण बताया है।