बीएसपी आवास: सीजू एन्थोनी ने उठाई आवाज, रिटेंशन और लाइसेंस योजना बहाल करने की मांग

सेवानिवृत्त कर्मचारियों-अधिकारियों को राहत देने की अपील, लीज आवासों के नामांतरण की प्रक्रिया सरल करने और अतिरिक्त निर्माण के नियमितीकरण का मुद्दा उठाया; दुकानों के लीज नवीनीकरण में पेनल्टी व दंड ब्याज से छूट की मांग।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के आवासों को लेकर चल रहा विवाद अब लगातार राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तूल पकड़ रहा है। पूर्व कर्मचारियों और अधिकारियों को आवास खाली करने की चिंता, रिटेंशन और लाइसेंस योजना बंद होने तथा लीज आवासों के नामांतरण में आ रही मुश्किलों के बीच अब नगर पालिक निगम भिलाई के प्रभारी महापौर एवं राजस्व प्रभारी सदस्य सीजू एन्थोनी ने सेल और बीएसपी प्रबंधन से हस्तक्षेप की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष सीजू एन्थोनी ने वर्तमान और सेवानिवृत्त हो चुके बीएसपी कार्मिकों को राहत देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी संवर्ग के कार्मिकों ने अपने जीवन का लंबा समय भिलाई इस्पात संयंत्र को दिया है। उनकी वर्षों की सेवा को देखते हुए उन्हें आवास के मामले में राहत मिलनी चाहिए। सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अधिकारियों को रिटेंशन योजना का लाभ मिलना चाहिए।

राउरकेला में लाइसेंस योजना, भिलाई में क्यों बंद?

सीजू एन्थोनी ने सेल की दो इकाइयों राउरकेला स्टील प्लांट और भिलाई स्टील प्लांट की आवास नीतियों में अंतर का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि राउरकेला में कंपनी आवासों को लाइसेंस योजना के तहत देने की व्यवस्था जारी है, जबकि भिलाई में यह योजना बंद कर दी गई है। इसका असर लगातार सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों और अधिकारियों पर पड़ रहा है। वे अपने आवास के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। पहले से लाइसेंस के आधार पर आवासों में रह रहे लोगों के लाइसेंस का नवीनीकरण भी नहीं किया जा रहा है। इससे प्रभावित परिवारों में असुरक्षा और मानसिक तनाव का माहौल है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ महंगाई की मार है और दूसरी तरफ आवास खाली नहीं करने की स्थिति में पेनल्टी दर से किराया वसूले जाने का दबाव है। सेल और बीएसपी प्रबंधन को इस समस्या का शीघ्र समाधान निकालना चाहिए।

लीजधारकों के अतिरिक्त निर्माण का नियमितीकरण हो

सीजू एन्थोनी ने लीज पर आवास ले चुके लोगों की समस्याओं को भी प्रबंधन के सामने रखा है। उनका कहना है कि जब बीएसपी को विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा था, तब लोगों ने भविष्य की चिंता किए बिना कंपनी के आवास लीज पर लिए थे। लेकिन अब तक लीज आवासों में किए गए अतिरिक्त निर्माण के नियमितीकरण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

आने वाले 5-6 वर्षों में इन आवासों के लीज नवीनीकरण का समय आएगा। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे परिवार रहते हैं, जिनकी दूसरी पीढ़ी भी अब इन्हीं मकानों में निवास कर रही है। उम्रदराज हो चुके पूर्व कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, वहीं नई पीढ़ी को विरासत में मिले आवास की स्थिति और भविष्य को लेकर चिंता सता रही है।

नामांतरण के नाम पर तोड़फोड़ बंद हो, प्रक्रिया सरल बने

सीजू एन्थोनी ने लीज आवासों के नामांतरण की जटिल प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नामांतरण के लिए की जाने वाली तोड़फोड़ की प्रक्रिया बंद होनी चाहिए। इससे किसी को वास्तविक लाभ नहीं मिलता, बल्कि भवनों को नुकसान पहुंचता है और राष्ट्रीय संपत्ति की क्षति होती है।

उनका कहना है कि लीजधारकों की समस्याओं का समाधान व्यावहारिक तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके और कंपनी की संपत्तियों का भी संरक्षण हो।

मार्केट एरिया की दुकानों का लीज नवीनीकरण बिना पेनल्टी हो

बीएसपी के मार्केट एरिया में संचालित दुकानों के लीज नवीनीकरण का मुद्दा भी उठाया गया है। सीजू एन्थोनी ने मांग की है कि दुकानों के लीज का नवीनीकरण बिना पेनल्टी और दंड ब्याज के किया जाए।

उन्होंने कहा कि भिलाई के निर्माण और विकास में कर्मचारियों के साथ व्यापारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सभी ने मिलकर इस औद्योगिक शहर को बसाया और विकसित किया है। इसलिए व्यापारियों की समस्याओं को भी संवेदनशीलता के साथ देखा जाना चाहिए।

इस्पात मंत्रालय और सेल मुख्यालय तक पहुंचाई मांग

सीजू एन्थोनी के अनुसार, वह पहले भी सेल के उच्च अधिकारियों के साथ विभिन्न स्तरों पर चर्चा कर चुके हैं और ज्ञापन सौंप चुके हैं। अब इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए इस्पात मंत्रालय और सेल मुख्यालय को ईमेल के माध्यम से भिलाई की आवास एवं लीज संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए मांग भेजी गई है।

उन्होंने बीएसपी प्रबंधन से आग्रह किया है कि वर्तमान और सेवानिवृत्त कार्मिकों, लीजधारकों तथा व्यापारियों की समस्याओं का एक साथ समाधान निकालने के लिए ठोस निर्णय लिया जाए।

सीजू एन्थोनी का कहना है कि भिलाई की समस्याओं का समाधान करना एक सामूहिक प्रयास है। आवास संबंधी विवाद को समाप्त करना जरूरी है, ताकि वर्षों तक संयंत्र की सेवा करने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी को भी अनिश्चितता से मुक्ति मिल सके।