BSP Mission Lakshmi: नंदिनी माइंस में महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, छात्राओं को कैंसर से बचाव का टिप्स

सेक्टर 9 अस्पताल की महिला चिकित्सकों ने किया जागरूक। पैप स्मीयर जांच के साथ बांटी गईं दवाइयां। नंदिनी माइंस अस्पताल को मिला कार्डियक मॉनिटर, छात्राओं को 20 पुरस्कार।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) ने महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं जागरूकता की दिशा में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए नंदिनी माइंस में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएचआरसी) के मुखिया डॉक्टर उदय और जीएम संजय कुमार समेत अन्य डाक्टरों की टीम ने पौधारोपण भी किया। 

बीएसपी के जनकल्याणकारी कार्यक्रम और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) पहल के तहत ‘मिशन लक्ष्मी’ के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में 65 छात्राओं, महिला कर्मचारियों और स्थानीय महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान महिलाओं को कैंसर से बचाव, प्रजनन स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।

पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएचआरसी), सेक्टर-9 की चिकित्सा टीम ने नंदिनी माइंस अस्पताल में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता गतिविधियां संचालित कीं। जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्डियक मॉनिटर और कुर्सियां भी प्रदान की गईं।

8 अप्रैल 2024 को हुई थी मिशन लक्ष्मी की शुरुआत

महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य उत्थान के उद्देश्य से ‘मिशन लक्ष्मी’ की शुरुआत 8 अप्रैल 2024 को जेएलएनएचआरसी की चिकित्सा टीम और बीएसपी के सीएसआर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में की गई थी। इस पहल के तहत नियमित रूप से स्वास्थ्य जागरूकता एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जाते हैं। नंदिनी माइंस में आयोजित विशेष शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार ने किया। इसमें सेक्टर-9 अस्पताल की महिला चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

कैंसर से बचाव से लेकर मासिक धर्म स्वच्छता तक पर जागरूकता

शिविर में विशेषज्ञों ने महिलाओं और बालिकाओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रुचिका ताम्रकार ने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और नियमित टीकाकरण के महत्व को समझाया। स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीना गुहा ने महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता, प्रजनन स्वास्थ्य, स्तनपान और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के तरीकों की जानकारी दी।

सेक्टर-9 अस्पताल की सहायक प्रबंधक लता मिश्रा ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। सहायक प्रबंधक शशि सिंह ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। नंदिनी माइंस की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं भारत सरकार के श्रम मंत्रालय की प्रतिनिधि डॉ. पूजा शर्मा ने महिला सुरक्षा और कार्यस्थल पर स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर जानकारी दी। डॉ. साध्वी (DNB) ने भी चिकित्सीय परामर्श सत्र में योगदान दिया।

हीमोग्लोबिन, शुगर और सर्वाइकल कैंसर की जांच

स्वास्थ्य शिविर में डीएवी और सीपीएस विद्यालयों की छात्राओं, शिक्षकों, संविदा महिला कर्मचारियों और स्थानीय महिलाओं सहित कुल 65 लोगों ने भाग लिया। शिविर में 65 रक्त नमूने एकत्र किए गए। इनमें हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्लूकोज, सिकलिंग और ब्लड ग्रुप की जांच की गई। महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की पहचान और रोकथाम से संबंधित जागरूकता के साथ पैप स्मीयर जांच भी की गई। चिकित्सकों ने महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। आवश्यकतानुसार जरूरतमंद प्रतिभागियों को निशुल्क दवाइयां भी दी गईं।

नंदिनी माइंस अस्पताल को मिला कार्डियक मॉनिटर

शिविर के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में नंदिनी माइंस अस्पताल को कार्डियक मॉनिटर उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा मरीजों और अस्पताल आने वाले लोगों की सुविधा के लिए कुर्सियां भी प्रदान की गईं। अस्पताल में चिकित्सा उपकरणों और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार स्थानीय स्तर पर मरीजों की देखभाल को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

प्रश्नोत्तरी में छात्राओं ने दिखाया उत्साह, मिले 20 पुरस्कार

स्वास्थ्य जागरूकता को रोचक बनाने के लिए लता मिश्रा ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन किया। इसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही जवाब देने वाली छात्राओं को प्रबंधन की ओर से 20 पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों और अतिथियों के लिए पौष्टिक जलपान की व्यवस्था भी की गई थी।

गुब्बारे उड़ाकर दिया जागरूकता का संदेश, हुआ पौधारोपण

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों, अतिथियों और छात्राओं ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर महिला स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में पौधारोपण किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।

अधिकारियों और चिकित्सा टीम का रहा योगदान

कार्यक्रम के आयोजन में सीएमओ प्रभारी डॉ. उदय कुमार, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संबिता पांडा और महाप्रबंधक (M&S) संजय कुमार का मार्गदर्शन रहा। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (CGM) चिंतला श्रीकांत, महाप्रबंधक (टाउनशिप/नंदिनी माइंस) सुधाकर जामुलकर, डीजीएम नंदिनी ओमेन टेटे, माइंस मैनेजर संतोष खांडे और डॉ. पूजा शर्मा उपस्थित रहीं। 

शिविर के सफल संचालन में जेएलएनएचआरसी के टेक्नोलॉजिस्ट मनीष, सुनील, सारिका और सहायक सरिता सहित नंदिनी अस्पताल के नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मिशन लक्ष्मी के तहत आयोजित यह शिविर महिला स्वास्थ्य जांच, कैंसर जागरूकता और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ बीएसपी की सीएसआर पहल का महत्वपूर्ण उदाहरण बना।