BSP Retention Scheme: पूर्व कर्मियों से 24 रुपए और थर्ड पार्टी से 6 रुपए किराया क्यों? सीजू एन्थोनी ने PMO से SAIL CMD तक झकझोरा

बीएसपी टाउनशिप में रिटेंशन स्कीम के तहत पूर्व कर्मचारियों से 24 रुपए प्रति वर्गफुट किराया वसूली पर सीजू एन्थोनी ने सवाल उठाए। सभी आवास धारकों के लिए 6 रुपए किराया और लीज आवासों व दुकानों के नियम सरल करने की मांग की। लीज आवासों के अतिरिक्त निर्माण के नियम सरल करने और दुकानों के नवीनीकरण शुल्क पर भी उठाए सवाल।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) की टाउनशिप में आवास किराया और लीज संपत्तियों से जुड़े नियमों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। नगर पालिक निगम भिलाई के पूर्व प्रभारी महापौर, राजस्व प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष सीजू एन्थोनी ने बीएसपी प्रबंधन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि रिटेंशन स्कीम के तहत पूर्व बीएसपी कर्मचारियों और थर्ड पार्टी को आवंटित आवासों का किराया समान रूप से 6 रुपए प्रति वर्गफुट निर्धारित किया जाए।

सीजू एन्थोनी के मुताबिक, बीएसपी प्रबंधन ने टाउनशिप में निवासरत पूर्व कर्मचारियों के लिए रिटेंशन स्कीम के तहत दंडात्मक किराये की दर पहले 24 रुपए प्रति वर्गफुट निर्धारित की थी, जिसे अस्थायी तौर पर घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफुट किया गया है। लेकिन सितंबर 2025 के बाद सेवानिवृत्त हुए कुछ संयंत्र कर्मियों के आवंटित आवासों पर अब भी 24 रुपए प्रति वर्गफुट की दर से दंडात्मक किराया वसूला जा रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब थर्ड पार्टी को आवंटित आवासों के लिए 6 रुपए प्रति वर्गफुट किराया लिया जा रहा है, तो बीएसपी के पूर्व कर्मचारियों से 24 रुपए प्रति वर्गफुट की वसूली क्यों की जा रही है? यह व्यवस्था न्यायसंगत नहीं है। इससे प्रभावित परिवारों में असंतोष और मानसिक उत्पीड़न की स्थिति पैदा हो रही है।

पूर्व कर्मियों और थर्ड पार्टी के लिए किराये की दर एक हो

सीजू एन्थोनी ने बीएसपी प्रबंधन से मांग की है कि रिटेंशन स्कीम के तहत आवास रखने वाले पूर्व कर्मचारियों, थर्ड पार्टी और अन्य सभी आवास धारकों के लिए किराये की दर में एकरूपता लाई जाए। सभी से 6 रुपए प्रति वर्गफुट की दर से किराया निर्धारित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समानता की भावना के बिना प्रबंधन की किसी भी रियायत को पूर्ण राहत नहीं माना जा सकता। वर्षों तक संयंत्र में सेवा देने वाले कर्मचारियों के साथ अलग-अलग किराया दरों का व्यवहार उचित नहीं है। प्रबंधन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए दोहरे मापदंड समाप्त करने चाहिए।

25 साल बाद भी लीज आवासों के अतिरिक्त निर्माण पर नीति नहीं

सीजू एन्थोनी ने बीएसपी की लीज आवास योजना से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया। उनका कहना है कि अनेक लोगों ने भविष्य की जरूरतों और पारिवारिक योजनाओं को ध्यान में रखकर लीज पर आवास लिए थे। लेकिन करीब 25 वर्ष बीत जाने के बाद भी अतिरिक्त निर्माण के नियमितीकरण को लेकर प्रबंधन कोई ठोस नीति लागू नहीं कर सका है।

इसका खामियाजा लीज आवास धारकों को भुगतना पड़ रहा है। वर्षों की मेहनत और बचत से अर्जित संपत्ति का भविष्य अनिश्चित हो गया है। आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों में लीज आवास बेचना भी मुश्किल हो रहा है।

उन्होंने कहा कि आवासों के नामांतरण के लिए जटिल नियम, भारी-भरकम स्थानांतरण शुल्क और अतिरिक्त निर्मित संरचनाओं के नियमितीकरण की नीति का अभाव आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कई मामलों में अतिरिक्त निर्माण को तोड़ने तक की नौबत आ जाती है।

अतिरिक्त निर्माण की सीमा 150-250 वर्गफुट, अब नियमों में बदलाव की जरूरत

सीजू एन्थोनी के मुताबिक, करीब 25-30 वर्ष पहले लीज आवासों के लिए अतिरिक्त निर्माण की सीमा केवल 150 या 250 वर्गफुट निर्धारित की गई थी। इसके साथ आवास से लगी पूरी खाली जमीन का शुल्क भी लिया गया था। इससे बीएसपी प्रबंधन को भी राजस्व प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप लीज नियमों में शिथिलता लाना जरूरी है। आने वाले 4-5 वर्षों में पहली लीज अवधि समाप्त होने लगेगी और लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे में प्रबंधन को अभी से व्यावहारिक नीति तैयार करनी चाहिए, ताकि आवास धारकों को भविष्य में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

न्यू सिविक सेंटर की दुकानों के नवीनीकरण शुल्क पर भी सवाल

बीएसपी की लीज नीति को लेकर उन्होंने बाजार क्षेत्र की दुकानों का मुद्दा भी उठाया। विशेष रूप से न्यू सिविक सेंटर में दुकानों के नवीनीकरण के लिए प्रबंधन की ओर से मांगी जा रही राशि को अव्यावहारिक बताया।

उनका कहना है कि दुकानों के नवीनीकरण के लिए मांगी जा रही रकम कई मामलों में दुकानों के वर्तमान बाजार मूल्य के अनुपात में भी उचित नहीं लगती। प्रबंधन को आवासों की तरह दुकानों के लीज नियमों को भी सरल और व्यावहारिक बनाना चाहिए।

सीजू एन्थोनी ने कहा कि सभ्य समाज में प्रत्येक नागरिक सम्मान और जिम्मेदारी के साथ रहना चाहता है। वर्षों की मेहनत से संपत्ति अर्जित करने वाले लोगों को आर्थिक नुकसान उठाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री से सेल चेयरमैन तक भेजा ई-मेल

सीजू एन्थोनी ने इन समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री, केंद्रीय इस्पात मंत्री, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और सेल चेयरमैन को ई-मेल भेजकर भिलाई की स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप कर जल्द समाधान निकालने और आम नागरिकों को राहत पहुंचाने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि आवास, दुकान और बिजली बिल जैसी समस्याओं को लेकर विभिन्न संगठन समय-समय पर आंदोलन, धरना और प्रदर्शन करते रहे हैं। इन समस्याओं की जानकारी बीएसपी प्रबंधन को पहले से है। जनसमस्याओं की आवाज को अनसुना करने से समाज में परस्पर सहयोग और भाईचारे की भावना प्रभावित होती है।

सीजू एन्थोनी ने प्रबंधन से अपील की है कि भिलाई की ज्वलंत नागरिक समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवास, दुकान और लीज से जुड़े नियमों में जरूरी बदलाव किए जाएं। जनहित को ध्यान में रखकर सरल, पारदर्शी और व्यावहारिक व्यवस्था लागू की जाए।