BSP के रिटायर्ड अफसरों ने उठाए अस्पताल की बदहाली से जुड़े 8 मुद्दे, मिले CMO डॉ. संबिता पंडा से
भिलाई स्टील प्लांट के एक्स ऑफिसर्स एसोसिएशन ने CMO डॉ. संबिता पंडा से मुलाकात कर सेक्टर-9 अस्पताल में डॉक्टरों, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट, व्हीलचेयर, दवाओं और कैंटीन से जुड़ी 8 मांगें रखीं।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के रिटायर्ड अधिकारियों ने सेक्टर-9 अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को हो रही परेशानियों का मुद्दा प्रबंधन के सामने उठाया है। बीएसपी एक्स-ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा विभाग प्रमुख (CMO & Head of Medical Department) डॉ. संबिता पंडा से मुलाकात की। इस दौरान एसोसिएशन ने रिटायर्ड अधिकारियों और अन्य मरीजों की चिकित्सा संबंधी समस्याओं को लेकर आठ प्रमुख मांगें और सुझाव रखे।
प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.आर. दास, महासचिव जे.बी. पाटिल और उपाध्यक्ष आर.बी. गुप्ता शामिल थे। नवनियुक्त सीएमओ डॉ. संबिता पंडा का स्वागत करते हुए प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था में सुधार होगा और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान निकलेगा।
एसोसिएशन की ओर से दिए गए पत्र में बताया गया कि एक्स-ऑफिसर्स एसोसिएशन का गठन अगस्त 2013 में हुआ था। इसके वर्तमान में करीब 1000 सदस्य हैं। एसोसिएशन अब तक 62 जनरल बॉडी मीटिंग आयोजित कर चुका है। इन बैठकों में रिटायर्ड अधिकारियों की समस्याओं और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर लगातार चर्चा होती रही है।
डॉक्टरों की कमी और पुराने अनुभवी चिकित्सकों की वापसी का मुद्दा
एसोसिएशन ने सबसे पहले अस्पताल में अनुभवी और लोकप्रिय डॉक्टरों की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। पत्र में कहा गया कि नए डॉक्टरों की नियुक्तियां हो रही हैं, वहीं अनुभवी डॉक्टर सेवानिवृत्त भी हो रहे हैं। ऐसे में जिन अच्छे और लोकप्रिय डॉक्टरों की संविदा नियुक्ति हाल के दिनों में रिन्यू नहीं की गई या जिन्हें संविदा पर नियुक्ति ही नहीं दी गई, उन्हें वापस लाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।
ऑनलाइन अपॉइंटमेंट व्यवस्था में सुधार की मांग
एसोसिएशन ने डॉक्टरों के ऑनलाइन अपॉइंटमेंट सिस्टम को व्यवस्थित करने का सुझाव दिया। पत्र में कहा गया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों पर मरीजों का अत्यधिक दबाव है, जिससे इलाज की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इसलिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की व्यवस्था इस तरह बनाई जाए कि मरीजों को समय पर उचित परामर्श मिल सके। इसके साथ ही संविदा पर कार्यरत और बाहरी डॉक्टरों के लिए भी ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुकिंग की सुविधा शुरू करने की मांग की गई है।
सेक्टर 9 अस्पताल के प्रवेश द्वार पर व्हीलचेयर और अटेंडेंट
वरिष्ठ नागरिकों और गंभीर मरीजों की परेशानी को देखते हुए एसोसिएशन ने सेक्टर-9 अस्पताल के प्रवेश द्वारों पर व्हीलचेयर के साथ अटेंडेंट की सुविधा जारी रखने का आग्रह किया। एसोसिएशन के अनुसार, यह व्यवस्था बुजुर्गों और अन्य मरीजों के लिए काफी मददगार साबित हुई है।
मेडिसिन, गैस्ट्रो और यूरोलॉजी में विशेषज्ञ डॉक्टर बढ़ाने का सुझाव
एसोसिएशन ने जनरल मेडिसिन, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, यूरोलॉजी और न्यूक्लियर मेडिसिन जैसे विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की मांग की। इसके लिए संविदा अथवा अन्य उपयुक्त आधार पर विशेषज्ञों की नियुक्ति का सुझाव दिया गया, ताकि इन विभागों में इलाज के लिए मरीजों को होने वाली अत्यधिक परेशानी कम हो सके।
पति-पत्नी को एक ही अपॉइंटमेंट पर परामर्श की सुविधा
एसोसिएशन ने एक व्यावहारिक सुझाव देते हुए कहा कि पात्र मामलों में पति और पत्नी को मेडिसिन ओपीडी में एक ही अपॉइंटमेंट पर डॉक्टर से परामर्श लेने की अनुमति दी जानी चाहिए। इससे बुजुर्ग दंपतियों और साथ में इलाज कराने वाले मरीजों को सहूलियत मिलेगी।
दो महीने की दवाएं और अस्पताल कैंटीन की व्यवस्था पर भी सवाल
रिटायर्ड अधिकारियों ने नियमित रूप से इस्तेमाल होने वाली दवाओं को पात्र मरीजों को एक बार में दो महीने के लिए उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। इससे बार-बार अस्पताल आने की परेशानी कम होगी। इसके अलावा अस्पताल की कैंटीन की कार्यप्रणाली को नए सिरे से व्यवस्थित करने की मांग की गई। एसोसिएशन ने कैंटीन में साफ-सफाई, स्वच्छता और भोजन के मेन्यू पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया है।
नए सीएमओ से समाधान की उम्मीद
बीएसपी एक्स-ऑफिसर्स एसोसिएशन ने डॉ. संबिता पांडा के समक्ष इन आठ मुद्दों को रखते हुए उम्मीद जताई कि रिटायर्ड अधिकारियों और अन्य मरीजों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन इन सुझावों पर किस तरह अमल करता है और सेक्टर-9 अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं में कितना सुधार देखने को मिलता है।