BSP RFID Alert: 14 साल पुरानी फोटो का हिसाब होगा खत्म, गेट पास पर नया चेहरा और पदनाम, नीला-लाल बैकग्राउंड जरूरी

BSP में RFID लागू करने की तैयारी तेज। दावा है कि नवंबर में मेन गेट पर अनिवार्य होगा RFID, दिसंबर तक अन्य गेटों पर भी व्यवस्था लागू करने की योजना। ई-सहयोग पर फोटो अपडेट करेंगे कार्मिक, पर्सनल ऑफिसर देंगे मंजूरी।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के कर्मचारियों और अधिकारियों का सामना अब आरएफआइडी-RFID व्यवस्था से होने जा रहा है। प्लांट में प्रवेश और निकास की निगरानी को लेकर प्रबंधन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी महीने मेन गेट पर RFID को अनिवार्य करने की तैयारी है, जबकि दिसंबर 2026 तक अन्य गेटों पर भी इसे लागू करने की योजना बनाई गई है।

RFID व्यवस्था लागू होने से पहले कार्मिकों के गेट पास पर दर्ज फोटो और व्यक्तिगत विवरण दुरुस्त किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि जिन कर्मचारियों और अधिकारियों की तस्वीर करीब 14 साल पुरानी है, उन्हें नई फोटो अपलोड करने का मौका दिया जा रहा है। इसके लिए ई-सहयोग (e-Sahyog) पोर्टल की सुविधा दी गई है। कार्मिक स्वयं अपनी नई फोटो अपलोड कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित पर्सनल ऑफिसर (PO) फोटो की जांच कर उसे मंजूरी देंगे। बता दें कि 14 साल पहले फोटो अपडेट की गई थी। 

नीला और लाल बैकग्राउंड अनिवार्य, काले चश्मे में फोटो नहीं होगी स्वीकार

फोटो अपलोड करने के लिए प्रबंधन ने स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए हैं। अब मनमाने तरीके से या फिल्मी स्टाइल में खिंचवाई गई तस्वीर गेट पास पर नहीं लगाई जाएगी। फोटो ऐसी होनी चाहिए, जिसमें चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई दे।

फोटो अपडेट करते समय इन बातों का ध्यान रखना होगा

अधिकारियों के लिए: फोटो का बैकग्राउंड आसमानी नीला (Sky Blue) होना अनिवार्य है।

कर्मचारियों के लिए: फोटो का बैकग्राउंड लाल (Red) होना चाहिए।

चेहरा स्पष्ट: तस्वीर में कार्मिक का चेहरा साफ दिखाई देना चाहिए।

काला चश्मा प्रतिबंधित: काले चश्मे में खिंचवाई गई फोटो स्वीकार नहीं की जाएगी।

सामान्य फोटो: फिल्मी अंदाज, स्टाइलिश पोज या अस्पष्ट तस्वीर अपलोड करने से बचना होगा।

गेट पास पर बदलेगा पदनाम, पुरानी जानकारी भी होगी दुरुस्त

RFID की तैयारी के बीच एक और महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है। कर्मचारियों के गेट पास पर दर्ज पदनाम भी अपडेट किया जाएगा। कई कार्मिकों के गेट पास पर अब भी पुराना पदनाम दर्ज है, जबकि सेल में पदनाम बदल चुके हैं। नई व्यवस्था के तहत फोटो के साथ पदनाम और संबंधित व्यक्तिगत विवरण को भी सही करने का अवसर मिलेगा।

ई-सहयोग पर खुद अपलोड करें फोटो, PO की मंजूरी जरूरी

कार्मिकों को अपनी नई फोटो अपलोड करने के लिए किसी दूसरे पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। वे ई-सहयोग पोर्टल पर जाकर खुद ही फोटो अपडेट कर सकते हैं। हालांकि, अपलोड की गई तस्वीर को अंतिम मंजूरी संबंधित पर्सनल ऑफिसर देंगे।

RFID व्यवस्था लागू होने के बाद प्लांट के प्रवेश और निकास पर कार्मिकों की पहचान और आवाजाही की निगरानी अधिक व्यवस्थित तरीके से की जा सकेगी। ऐसे में गेट पास पर सही फोटो और अपडेटेड पदनाम होना जरूरी है। प्रबंधन की कवायद का उद्देश्य RFID लागू होने से पहले कार्मिकों का रिकॉर्ड दुरुस्त करना है।