BSP SC-ST Association Meeting: भिलाई में अंबेडकर पुस्तकालय, जैतखाम और वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का मुद्दा गरमाया, BSP की जवाबदेही

भिलाई में BSP प्रबंधन और SC/ST एसोसिएशन की त्रैमासिक बैठक में अंबेडकर पुस्तकालय, जैतखाम, वीर नारायण सिंह प्रतिमा, फेडरेशन भवन और लंबित निर्माण कार्यों का मुद्दा उठा। 12 महीने बाद भी अंबेडकर पुस्तकालय का निर्माण शुरू नहीं, प्रबंधन के सामने रखे गए कई सवाल।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। लंबे अंतराल के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) प्रबंधन और भिलाई इस्पात संयंत्र एससी/एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन के बीच त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में डॉ. अंबेडकर पुस्तकालय एवं संग्रहालय का निर्माण, डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल का सौंदर्याकरण, जैतखाम निर्माण, कार्यालयीन सुविधाएं और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक परियोजनाओं से जुड़े लंबित मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सेल एससी/एसटी फेडरेशन के उपाध्यक्ष कोमल प्रसाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधन के लाइजन ऑफिसर रोहित हरित को ज्ञापन सौंपा। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों की प्रगति की समीक्षा के साथ हुई।

डॉ. अंबेडकर पुस्तकालय का शिलान्यास हुआ, निर्माण अब तक शुरू नहीं

कोमल प्रसाद ने कहा कि सेक्टर-5 में डॉ. अंबेडकर पुस्तकालय एवं संग्रहालय के निर्माण के लिए 26 नवंबर 2025 को तत्कालीन कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) के हाथों शिलान्यास किया गया था। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने परियोजना में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने बताया कि बीएसपी प्रबंधन आंतरिक बजट से निर्माण कराने की व्यवस्था कर रहा है। यदि गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए अतिरिक्त बजट की जरूरत पड़े तो सेल कॉरपोरेट ऑफिस, नई दिल्ली से राशि उपलब्ध कराई जाए।

26 नवंबर को संविधान दिवस से पहले प्रतिमा स्थल के सौंदर्याकरण की मांग

सेक्टर-6 स्थित डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल के खेल एवं सांस्कृतिक परिसर में प्रतिमा स्थल के सौंदर्याकरण का मुद्दा भी उठाया गया। कोमल प्रसाद ने कहा कि काम में तेजी लाई जाए, ताकि 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहेब की प्रतिमा का सौंदर्याकरण पूरा कर इसे बीएसपी के डायरेक्टर इंचार्ज और कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) की उपस्थिति में आम जनता को समर्पित किया जा सके।

फेडरेशन भवन और एसोसिएशन कार्यालय की सुविधाओं का मुद्दा

कोमल प्रसाद ने सेक्टर-4 स्थित फेडरेशन भवन का आवंटन लंबित होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि सेल फेडरेशन के चेयरमैन गौरंगा मंडल ने पूर्व में सेक्टर-4 के भवन को फेडरेशन के उपाध्यक्ष को प्रदान करने की बात कही थी। इसके बावजूद क्वार्टर नंबर 7-डी, सड़क नंबर-8, सेक्टर-4 स्थित भवन अब तक नहीं सौंपा गया है। उन्होंने फेडरेशन के उपाध्यक्ष को भवन तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की।

एसोसिएशन के कार्यालय संचालन में आ रही दिक्कतों का जिक्र करते हुए उन्होंने नया कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, प्रोजेक्टर और इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही, पूर्व में एसोसिएशन को फर्नीचर देने के आश्वासन पर भी शीघ्र कार्रवाई करने की बात कही।

वीर नारायण सिंह की प्रतिमा और जैतखाम निर्माण का मुद्दा उठा

एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम मंडावी ने सेक्टर-6 स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम में छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। उन्होंने 10 दिसंबर 2026 को उनकी जयंती के मद्देनजर प्रतिमा स्थापना की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।

महासचिव विजय कुमार रात्रे ने सेक्टर-6 में पवित्र जैतखाम के निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इसके लिए भूमिपूजन हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने काम तत्काल शुरू कराने की मांग की।

सभागार में एसी और फॉल्स सीलिंग, भवन में सीपेज से बचाव की मांग

एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज ने एसोसिएशन के सभागार में फॉल्स सीलिंग और एसी लगाने का काम अब तक शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।

उपाध्यक्ष वेद प्रकाश सूर्यवंशी ने सेक्टर-6 स्थित डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल के भवन में सीपेज की गंभीर समस्या की ओर प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने भवन को नुकसान से बचाने के लिए तत्काल टारफेल्टिंग कराने की मांग की।

14 अप्रैल 2027 को डॉ. अंबेडकर पार्क का सौंदर्यीकरण और अवार्ड की मांग

एसोसिएशन के संगठन सचिव परमेश्वर लाल ने आगामी 14 अप्रैल 2027 को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सेक्टर-1 स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क का सौंदर्याकरण कराने की मांग की। उन्होंने इस अवसर पर डॉ. अंबेडकर अवार्ड प्रदान करने की पहल करने का भी आग्रह किया।

बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में प्रबंधन की ओर से लाइजन ऑफिसर रोहित हरित उपस्थित थे। एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष कोमल प्रसाद, उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज, वेद प्रकाश सूर्यवंशी और शशांक प्रसाद, महासचिव विजय कुमार रात्रे, संगठन सचिव परमेश्वर लाल, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार, जोनल सचिव कालीदास बघेल और यशवंत नेताम तथा कार्यकारिणी सदस्य धरमपाल राम, जितेन्द्र भारती, हेमंत भुआर्य, धनंजय मेश्राम और लेखराम घरेन्द्र शामिल हुए।