BSP Sector 9 Hospital से अच्छी खबर, अब थायरॉइड क्लिनिक के लिए लीजिए मोबाइल ऐप से OPD अपॉइंटमेंट

मरीज मोबाइल ऐप पर Thyroid Clinic एवं संबंधित चिकित्सक डॉ. दंतेश्वर चंद्र प्रसाद का चयन कर आगामी 10 दिनों की OPD उपलब्धता देख सकते हैं। थायरॉइड क्लिनिक की OPD प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से प्रारंभ होती है।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र में मरीजों को बेहतर, सुगम एवं सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में डिजिटल हेल्थकेयर सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में अब न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग की थायरॉइड क्लिनिक में डॉ. दंतेश्वर चंद्र प्रसाद से परामर्श हेतु मोबाइल ऐप के माध्यम से OPD अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा प्रारंभ की गई है।

इससे पूर्व मरीजों को OPD अपॉइंटमेंट प्राप्त करने के लिए अस्पताल के निर्धारित काउंटर पर स्वयं उपस्थित होकर कतार में लगना पड़ता था। विशेषकर थायरॉइड संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को अपॉइंटमेंट लेने के लिए इस असुविधा का सामना करना पड़ता था। अब मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ही अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा मिलने से मरीजों को काउंटर पर आने और लंबी कतारों में खड़े होने की परेशानी से राहत मिलेगी।

इस सुविधा के अंतर्गत मरीज मोबाइल ऐप पर Thyroid Clinic एवं संबंधित चिकित्सक डॉ. दंतेश्वर चंद्र प्रसाद का चयन कर आगामी 10 दिनों की OPD उपलब्धता देख सकते हैं। थायरॉइड क्लिनिक की OPD प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से प्रारंभ होती है। ऐप पर संबंधित तिथि के लिए अपॉइंटमेंट की उपलब्धता एवं बुकिंग की स्थिति प्रदर्शित होती है। मरीज अपनी सुविधानुसार उपलब्धता के अनुसार अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि बीएसपी अस्पताल में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के अंतर्गत इससे पूर्व मरीजों के मेडिकल बुक के लिए QR कोड की सुविधा प्रारंभ की गई थी, जिसके माध्यम से फार्मेसी एवं लैब में बारकोड स्कैनर द्वारा मरीज का CR नंबर प्राप्त किया जा सकता है। HMIS के अंतर्गत विभिन्न डिजिटल मॉड्यूल का विकास भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

OPD अपॉइंटमेंट की यह नई सुविधा अस्पताल की डिजिटल परिवर्तन यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन प्रयासों का उद्देश्य अस्पताल की सेवाओं को अधिक मरीज-केंद्रित, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना तथा मरीजों के बहुमूल्य समय और श्रम की बचत करना है।

बीएसपी अस्पताल में डिजिटल तकनीक का उपयोग केवल प्रक्रियाओं को ऑनलाइन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक आसानी, सुविधा एवं सम्मानजनक तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में एक सतत प्रयास है।