BSP ज़मीन, लीज़, लाइसेंस के लिए खास तैयारी: Section Associate बनाने पटवारी, सर्वेयर, राजस्व निरीक्षक वाले 4 कर्मचारियों की तलाश, करें आवेदन
सेल भिलाई स्टील प्लांट के नगर सेवाएं विभाग के संपदा अनुभाग में होगी तैनाती। SAIL BSP ने नगर सेवाएं विभाग के संपदा अनुभाग में S-5 से S-8 ग्रेड के पात्र कर्मचारी 27 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उन कर्मचारियों को विभागीय अवसर मिलेगा, जिन्हें भूमि सर्वेक्षण, राजस्व और संपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों का अनुभव है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट की जमीन आदि को लेकर कुछ बड़ा होने वाला है। कंपनी सर्वे करने जा रही है। इसके लिए बकायदा 4 कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जो सर्वे, सीमांकन आदि में माहिर हैं। पटवारी/सर्वेयर प्रमाणपत्र और राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण प्रमाणपत्र रखने वाले कर्मचारियों की तलाश हो रही है। बीएसपी की जमीन का भौतिक सर्वेक्षण और माप, सीमांकन तथा सीमा का सत्यापन किया जाएगा। जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ संयुक्त सर्वेक्षण में भी सहयोग होगा। इस कार्य के लिए Section Associate के चार पदों पर तैनाती की जाएगी। इस भर्ती से बीएसपी के उन कर्मचारियों को विभागीय अवसर मिलेगा, जिन्हें भूमि सर्वेक्षण, राजस्व और संपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों का अनुभव है।
सेल (SAIL) भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के कर्मचारियों के लिए विभागीय पद पर आगे बढ़ने का अवसर आया है। नगर सेवाएं विभाग के संपदा अनुभाग में तैनाती के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। खास बात यह है कि प्लांट के कार्यपालक और गैर-कार्यपालक दोनों क्षेत्रों में कार्यरत नियमित कर्मचारी इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। 27 नवंबर तक आवेदन की आखिरी तारीख है। बकायदा आवेदन का फॉर्मेट भी जारी किया गया है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के भर्ती अनुभाग के मुताबिक, Section Associate का पद क्लस्टर 'C' के अंतर्गत S-6 से S-8 स्केल में रखा गया है। कुल चार पदों पर नियुक्ति की जानी है। इच्छुक कर्मचारियों को अपना आवेदन उचित माध्यम से 27 नवंबर 2026 तक भर्ती अनुभाग में जमा करना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन
कार्यपालक और गैर-कार्यपालक क्षेत्र के ऐसे नियमित कर्मचारी, जिन्होंने S-5 ग्रेड में तीन वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, आवेदन के पात्र होंगे। इसके अलावा S-6 से S-8 ग्रेड में कार्यरत नियमित कर्मचारी भी समानांतर मूवमेंट (Parallel Movement) के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। चयन के बाद TSD में कार्यभार ग्रहण करने पर संबंधित कर्मचारी क्लस्टर में सबसे कनिष्ठ (Junior Most) माना जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्त
इस पद के लिए पटवारी/सर्वेयर प्रमाणपत्र और राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण प्रमाणपत्र अथवा किसी भी विषय में डिप्लोमा या विज्ञान विषय से स्नातक होना अनिवार्य योग्यता में शामिल है। इसके अतिरिक्त सर्वेक्षण से जुड़े फील्ड वर्क में न्यूनतम दो वर्ष का अनुभव वांछनीय रखा गया है। भूमि सर्वेक्षण, सीमांकन, भूमि अभिलेख, अतिक्रमण एवं सीमा विवाद, राजस्व कार्य और सर्वे/GIS टूल्स का अनुभव रखने वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
क्या होगी Section Associate की जिम्मेदारी
इस पद पर चयनित कर्मचारियों को बीएसपी की जमीन का भौतिक सर्वेक्षण और माप, सीमांकन तथा सीमा का सत्यापन करना होगा। राजस्व एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ संयुक्त सर्वेक्षण में भी सहयोग करना होगा।
इसके अलावा लीज पर दी गई, लाइसेंस प्राप्त और संस्थागत संपत्तियों का सर्वेक्षण, अतिक्रमण का सत्यापन, नक्शे एवं सर्वे रिपोर्ट तैयार करना तथा भूमि के नामांतरण और रिकॉर्ड अपडेट करने में सहायता देना भी कार्य का हिस्सा होगा।
भूमि रिकॉर्ड प्रबंधन, लीज नवीनीकरण, हस्तांतरण, आवंटन, भूमि विकास एवं मौद्रीकरण से जुड़े मामलों में सर्वे संबंधी सहयोग देना होगा। भूमि विवाद और मुकदमेबाजी से संबंधित मामलों के साथ TSD के लैंड सेक्शन के नियमित कार्यों की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। इस भर्ती से बीएसपी के उन कर्मचारियों को विभागीय अवसर मिलेगा, जिन्हें भूमि सर्वेक्षण, राजस्व और संपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों का अनुभव है।