BSP Union Elections: सीटू ने अब डीआइसी का दरवाजा खटखटाया, भेजा पत्र, बोला-कब होगा मतदान
सीटू बोली-पिछली मान्यता यूनियन का कार्यकाल समाप्त हुए 2 वर्ष हो गए हैं, परन्तु अभी तक गुप्त मतदान की दिशा में कोई ठोस पहल शुरू नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व शून्य है। यह कर्मचारियों के लोकतांत्रिक एवं वैधानिक अधिकारों पर हमला है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट में यूनियन चुनाव में हो रही देरी को लेकर एक बार फिर सीटू ने प्रबंधन का दरवाजा खटखटा दिया है। सीटू का डेलिगेशन वरिष्ठ प्रबंधक औद्योगिक संबंध विभाग से मुलाकात कर डायरेक्टर इंचार्ज के नाम पर पत्र सौंपा। यूनियन बोली-पिछली मान्यता यूनियन का कार्यकाल समाप्त हुए 24 माह बीत चुका है। मान्यता यूनियन चुनने हेतु गुप्त मतदान द्वारा सदस्यता की जांच करने की प्रक्रिया शुरू करें।
महासचिव टी. जोगा राव ने कहा-मान्यता समाप्त होते ही हिंदुस्तान स्टील एम्पलाइज यूनियन भिलाई (सीटू) द्वारा 24.09.2024 को प्रबंधन को पत्र देकर गुप्त मतदान द्वारा सदस्यता जाँच हेतु प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया गया था। इसके पश्चात 04.12.2024, 11.01.2025, 05.05.2025 को महाप्रबंधक (औ.सं.) के साथ इस विषय पर फॉलो-अप बैठकें भी हुईं तथा पुनः 29.09.2025 को कार्यपालक निदेशक (एचआर) को पत्र प्रेषित किया गया। हर बैठक में औद्योगिक सम्बन्ध विभाग द्वारा जल्द से जल्द चुनाव कराने का आश्वासन देता है
सीटू ने कहा कि पिछली मान्यता यूनियन का कार्यकाल समाप्त हुए 2 वर्ष हो गए हैं, परन्तु अभी तक गुप्त मतदान की दिशा में कोई ठोस पहल शुरू नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व शून्य है। यह कर्मचारियों के लोकतांत्रिक एवं वैधानिक अधिकारों पर हमला है।
सीटू महासचिव टी. जोगाराव ने कहा कि मान्यता प्राप्त यूनियन ही प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच संवाद का मुख्य सेतु होती है। मान्यता न होने से सुरक्षा समिति, वेलफेयर समिति, कैंटीन मैनेजिंग समिति ,सेवा सहित क्वार्टर, ग्रेच्युटी एवं कर्मियों के अन्य सभी समस्याओं के निराकरण हेतु द्विपक्षीय चर्चा के फोरम निष्क्रिय पड़े हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष एवं भ्रम की स्थिति बनी रहती है और औद्योगिक शांति पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
गुप्त मतदान ही कर्मचारियों की वास्तविक भावना को सामने लाने का माध्यम
सीटू ने कहा कि स्वस्थ औद्योगिक संबंध एवं लोकतांत्रिक परंपरा को बनाए रखने हेतु भिलाई इस्पात संयंत्र में शीघ्रातिशीघ्र गुप्त मतदान द्वारा सदस्यता जाँच कराकर मान्यता प्राप्त यूनियन चुनने की प्रक्रिया शुरू किया जाए।
सीटू 16 जून 2025 को ही सौप चुका है गुप्त मतदान हेतु आवश्यक दस्तावेज
प्रबंधन ने 16 जून 2025 को शाम लगभग 5:00 बजे यूनियनों को सूचित किया था कि गुप्त मतदान द्वारा सदस्यता जांच करने के संदर्भ में यूनियनों से सहमति पत्र के साथ अन्य आवश्यक संलग्नक एवं दस्तावेज जमा करने के संदर्भ में आवश्यक पत्र जारी किया गया है। इन दस्तावेजों को प्रबंधन द्वारा प्राप्त पत्र के 15 दिन के भीतर जमा करना था इस संदर्भ में सीटू ने 17 जून 2025 को ही यूनियन सहमति पत्र, विधान की प्रतिलिपियां वार्षिक विवरण की प्रतिलिपियां एवं यूनियन का पंजीयन प्रमाण पत्र की प्रतिलिपियां सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों को औद्योगिक संबंध विभाग प्रबंधन को सौप दिया था।