CBI कोर्ट: 7 करोड़ की FDR रिलीज करने के लिए मांगी 60 लाख की रिश्वत, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर को 3 साल की जेल

लखनऊ की CBI कोर्ट ने 7 करोड़ रुपए की FDR रिलीज करने के बदले 60 लाख रुपए रिश्वत मांगने के मामले में तत्कालीन इनकम टैक्स इंस्पेक्टर धर्मशील अग्रवाल को 3 साल की जेल और 50 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई।

सूचनाजी न्यूज, लखनऊ। आयकर विभाग में रिश्वतखोरी के मामले में सीबीआई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। लखनऊ में तैनात रहे तत्कालीन इनकम टैक्स इंस्पेक्टर धर्मशील अग्रवाल को रिश्वत मांगने के मामले में दोषी करार देते हुए तीन साल की कैद की सजा सुनाई गई है। अदालत ने उन पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।

सीबीआई की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, लखनऊ की सीबीआई अदालत ने 25 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया। मामला 7 करोड़ रुपए की फिक्स्ड डिपॉजिट रसीद (FDR) रिलीज करने के बदले 60 लाख रुपए की रिश्वत मांगने से जुड़ा है।

7 करोड़ की FDR छुड़ाने के लिए मांगे थे 60 लाख

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 3 अक्टूबर 2018 को कोलकाता की कंपनी M/s Jedy Tapes Private Limited के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर मामला दर्ज किया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आयकर विभाग द्वारा जब्त की गई 7 करोड़ रुपए की FDR को रिलीज करने और वापस करने के लिए तत्कालीन इनकम टैक्स इंस्पेक्टर धर्मशील अग्रवाल ने 60 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।

30 नवंबर 2018 को दाखिल हुई थी चार्जशीट

सीबीआई ने मामले की जांच पूरी करने के बाद 30 नवंबर 2018 को धर्मशील अग्रवाल और एक निजी चार्टर्ड अकाउंटेंट के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। अदालत में सुनवाई और मुकदमे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद धर्मशील अग्रवाल को दोषी ठहराया गया। इसके बाद उन्हें तीन साल के कारावास और 50 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई। रिश्वत मांगने के इस मामले में सीबीआई की कार्रवाई और अदालत के फैसले को भ्रष्टाचार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।