CBT मीटिंग अपडेट: EPFO का बड़ा फैसला, रिटायरमेंट के बाद एकमुश्त नहीं, किस्तों में निकाल सकेंगे PF का पैसा
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने प्रोविडेंट फंड (PF) की जमा राशि निकालने के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
सूचनाजी न्यूज, दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने प्रोविडेंट फंड (PF) की जमा राशि निकालने के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत अब रिटायर होने वाले EPF सदस्य अपनी पूरी भविष्य निधि राशि एक साथ निकालने के बजाय नियमित अंतराल पर किस्तों में प्राप्त कर सकेंगे।
इस व्यवस्था का उद्देश्य सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को नियमित और अनुमानित आमदनी उपलब्ध कराना है। SWP के माध्यम से कर्मचारी अपनी जमा PF राशि को एकमुश्त निकालने के बजाय निर्धारित अंतराल पर धीरे-धीरे प्राप्त कर सकेंगे। खास बात यह है कि किस्तों में भुगतान के दौरान मूल जमा राशि पर उनका स्वामित्व बना रहेगा और बची हुई राशि उनके खाते में रहेगी।
परिवार और नॉमिनी के हितों का भी रखा गया ध्यान
EPFO की इस पहल में कर्मचारी के परिवार के हितों को भी शामिल किया गया है। यदि नियमित भुगतान की अवधि के दौरान PF सदस्य की मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी या आश्रित को शेष जमा राशि निकालने अथवा निर्धारित अंतराल पर भुगतान जारी रखने का विकल्प मिल सकेगा। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपनी बचत का बेहतर प्रबंधन करने में मदद मिलेगी। एकमुश्त रकम निकालकर खर्च कर देने के बजाय वे अपनी जरूरतों के अनुसार नियमित आय प्राप्त कर सकेंगे।
EPFO के अनुसार, SWP की व्यवस्था से रिटायरमेंट के बाद वित्तीय सुरक्षा मजबूत होगी। कर्मचारियों को लचीली, नियमित और भरोसेमंद आय का विकल्प मिलेगा। साथ ही, उनकी मृत्यु की स्थिति में परिवार के आर्थिक हितों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। यह पहल खासतौर पर उन कर्मचारियों के लिए उपयोगी हो सकती है, जो सेवानिवृत्ति के बाद अपनी PF जमा पूंजी को नियमित आमदनी के रूप में इस्तेमाल करना चाहते हैं।