केंद्रीय न्यूनतम वेतन: सेल बीएसपी में वेतन बढ़ते जश्न, मज़दूर बांट रहे मिठाइयां

केंद्रीय न्यूनतम वेतन लागू होने पर ठेका श्रमिकों में खुशियों की लहर। इंटक यूनियन कार्यालय में बांटी मिठाइयां, अध्यक्ष संजय कुमार साहू एवं पदाधिकारियों का किया सम्मान। इंटक बोला-यूनियन के लगातार संघर्ष, प्रदर्शन एवं केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों में पत्राचार का मिला परिणाम। ठेका श्रमिकों ने जताया आभार।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिकों के लिए केंद्रीय न्यूनतम वेतन लागू होने पर स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक भिलाई के कार्यालय में ठेका श्रमिकों ने पहुंचकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर श्रमिकों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी मनाई तथा यूनियन के अध्यक्ष संजय कुमार साहू एवं पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया। श्रमिकों ने इस उपलब्धि के लिए इंटक यूनियन के प्रति आभार व्यक्त किया।

ठेका श्रमिकों ने कहा कि केंद्रीय न्यूनतम वेतन लागू करवाने के लिए इंटक यूनियन द्वारा लगातार प्रयास किए गए। केंद्र सरकार द्वारा 21 नवंबर 2025 से न्यूनतम वेतन संबंधी अधिसूचना जारी किए जाने के बावजूद सेल प्रबंधन द्वारा इसे लागू नहीं किया जा रहा था। इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक लगातार प्रदर्शन, ज्ञापन एवं पत्राचार के माध्यम से अपनी आवाज उठाती रही। 

यूनियन द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय इस्पात मंत्री कार्यालय एवं केंद्रीय श्रम मंत्री कार्यालय तक पत्र भेजकर ठेका श्रमिकों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाने की मांग की गई। यूनियन के इन्हीं निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है कि अब भिलाई इस्पात संयंत्र में भी केंद्रीय न्यूनतम वेतन लागू हो पाया है।

इस अवसर पर स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक भिलाई के अध्यक्ष संजय कुमार साहू ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र में हजारों ठेका श्रमिक का मनोबल बढ़ेगा। विभिन्न विभागों में उत्पादन एवं अनुरक्षण कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। संयंत्र के उत्पादन, संचालन एवं रखरखाव में ठेका श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए उन्हें केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का पूरा लाभ मिलना चाहिए। श्रमिकों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाना यूनियन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय न्यूनतम वेतन लागू होना ठेका श्रमिकों के संघर्ष और एकजुटता की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यूनियन आगे भी श्रमिकों के वेतन में बढ़ोतरी, सामाजिक सुरक्षा, बोनस, दुर्घटना बीमा, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य वैधानिक सुविधाओं के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

यूनियन ने भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कहा कि ठेका श्रमिकों के आर्थिक एवं सामाजिक हितों की रक्षा के लिए आगे भी सकारात्मक कदम उठाए जाने चाहिए। बैठक में उपस्थित सभी ठेका श्रमिकों ने इंटक यूनियन के बैनर तले एकजुट होकर वेतन वृद्धि एवं अन्य सुविधाओं के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से सी.पी. वर्मा, दीनानाथ सिंह, सर्वा आर. दिनेश, गुरुदेव साहू, मनोहर लाल, कृष्ण कुमार वर्मा, कान्हा राम, कामता प्रसाद, बलराम वर्मा, के. रामू, नरेंद्र कुमार, मनहरण लाल, संजीव मानिकपुरी, दामन लाल सहित अनेक कार्यकारिणी सदस्य एवं ठेका श्रमिक उपस्थित थे।