चक दे इंडिया: पहाड़ी-दुर्गम इलाकों के लिए Bhilai Steel Plant बना रहा स्पेशल रेल पटरी
सेल बीएसपी के रेल एंड स्ट्रक्चरल मिल (Rail & Structural Mill) ने स्पेशल रेल की रोलिंग की। इसका उपयोग उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों के अलावा न्यू जलपाईगुड़ी एवं दार्जिलिंग में होगा।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल के लिए गर्व करने वाली खबर है। भिलाई स्टील प्लांट के रेल एंड स्ट्रक्चरल मिल (Rail & Structural Mill) के लिए अत्यंत गौरव और उत्साह का दिन है। मंगलवार को पहली बार 75-R ग्रेड की रेल की सफल रोलिंग कर अपनी तकनीकी क्षमता, मेहनत और टीम भावना का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। भारतीय रेलवे ने बीएसपी से 50-आर और 75-आर की मांग की थी। लेकिन, बीएसपी के रेल मिल के री-हीटिंग फर्नेस में 50-आर ब्लूम को चार्ज नहीं कर सकते। इसलिए 75-आर दिया जा रहा है।
यह रेल केवल एक इस्पात उत्पाद नहीं है, बल्कि देश के दुर्गम क्षेत्र लेह-लद्दाख के विकास और बेहतर रेल संपर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। रेल मिल के रीहिटिंग फर्नेस में ट्रायल के तौर पर तीस ब्लूम की रोलिंग की गई। यह रेल उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके में तथा न्यू जलपाईगुड़ी एवं दार्जिलिंग में भी उपयोग में लाई जाएगी। रेलवे ने 12 हजार टन का आर्डर दिया है, जिसे थोडे-थोडे अंतराल में डिस्पैच करना है। इसकी लम्बाई 13 मीटर रहेगी।
जहां कठिन भौगोलिक परिस्थितियां और चुनौतियां भी संकल्प को नहीं रोक सकतीं, वहां कारखाने में तैयार हुई यह रेल विकास की नई राह तय करेगी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे प्रत्येक कर्मचारी, अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और पूरी टीम का अथक परिश्रम, समर्पण एवं सामूहिक प्रयास शामिल है।
75-R ग्रेड की रेल की पहली रोलिंग नहीं की है, बल्कि अपने सामर्थ्य और आत्मविश्वास की एक नई पहचान बनाई है। रेल मिल कार्मिकों ने आह्वान किया कि आइए इसी जुनून, एकजुटता और उत्कृष्टता के संकल्प के साथ आगे बढ़ें और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देते रहें। इस रोलिंग को एक युवा कर्मचारी ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया।