सेक्टर 9 हॉस्पिटल के NICU में आग से अफरा-तफरी, नवजातों को बचाने दौड़ी टीम, पढ़ें मॉकड्रिल
नकली आग लगाकर परखी गई अस्पताल की तैयारी, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, सीआइएसएफ और मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई के सेक्टर-9 स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (JLNHRC) के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में आग लगने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल की मेडिकल टीम, नर्सिंग स्टाफ, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा कर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। नवजात शिशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और आग पर काबू पाने की तैयारी शुरू कर दी गई।
हालांकि, यह वास्तविक आग की घटना नहीं थी, बल्कि अस्पताल की ओर से आयोजित अग्नि सुरक्षा मॉकड्रिल थी। इसका उद्देश्य यह जांचना था कि NICU जैसे संवेदनशील विभाग में आग लगने की स्थिति में अस्पताल की टीम कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और नवजात शिशुओं को कैसे सुरक्षित बाहर निकालती है।
इस मॉकड्रिल का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. संबिता पंडा के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं सेवाएं) संजय कुमार और महाप्रबंधक (अस्पताल प्रशासन) संजय दवे की प्रमुख भूमिका रही।
अलार्म बजते ही शुरू हुआ बचाव कार्य
मॉकड्रिल के दौरान अस्पताल के एक कर्मचारी ने सबसे पहले आग लगने की सूचना दी। उसने तुरंत फायर अलार्म बजाया और नर्सिंग स्टेशन को सतर्क किया। इसके बाद नर्स जेसी सेबेस्टियन और वलसम्मा की मदद से अग्निशामक यंत्र के जरिए आग पर काबू पाने का अभ्यास किया गया।
इस दौरान आग से बचाव के तय नियमों का पालन किया गया। इनमें मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना, अलार्म बजाना, आग को फैलने से रोकना और जरूरत पड़ने पर मरीजों को बाहर निकालना शामिल था।
वेंटिलेटर और ऑक्सीजन पर रहने वाले बच्चों की सुरक्षा सबसे अहम
NICU में भर्ती नवजात शिशुओं की स्थिति बेहद नाजुक होती है। कई बच्चे वेंटिलेटर, रेडिएंट वार्मर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रहते हैं। ऐसे में आग लगने पर उन्हें सुरक्षित निकालना बड़ी चुनौती होती है। मॉकड्रिल में यह जांचा गया कि जीवन रक्षक उपकरणों का इस्तेमाल जारी रखते हुए बच्चों को सुरक्षित कैसे निकाला जाए। साथ ही मेडिकल गैस और बिजली की सप्लाई को जरूरत के अनुसार बंद करने तथा बैकअप बिजली व्यवस्था की भी जांच की गई।
डॉ. सुबोध साहा ने संभाली समन्वय की जिम्मेदारी
पूरे अभ्यास का संचालन अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नवजात विभाग प्रभारी डॉ. सुबोध साहा ने किया। नवजात इकाई की मुख्य सलाहकार डॉ. माला चौधरी और डॉ. सीमा वर्मा ने भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। टीम ने केंद्रीय अग्नि नियंत्रण कक्ष से संपर्क, बिजली और मेडिकल गैस की व्यवस्था तथा सुरक्षा जांच पर ध्यान दिया।
कई विभागों की टीम ने लिया हिस्सा
इस मॉकड्रिल में अस्पताल के कई विभागों ने हिस्सा लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने और बचाव कार्य का अभ्यास किया। एम्बुलेंस टीम को आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रखा गया। सुरक्षा इंजीनियरिंग विभाग ने अग्निशमन उपकरणों और अलार्म की जांच की।
वेंकट नरसिम्हन और संतोष के नेतृत्व में इलेक्ट्रिकल टीम ने बिजली आपूर्ति बंद करने और जीवन रक्षक उपकरणों के लिए बैकअप बिजली की व्यवस्था का परीक्षण किया। एफडीए टीम ने आग का पता लगाने वाले उपकरणों और अलार्म सिस्टम की जांच की।
सेक्टर-6 पुलिस थाना, डीजीआर सुरक्षा गार्डों और सिविल डिफेंस की टीम ने भी सहयोग किया। अस्पताल में आने-जाने के रास्ते खाली रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और जरूरत पड़ने पर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था का अभ्यास किया गया। इसके अलावा आईआर विभाग, पर्यावरण सुरक्षा विभाग और कार्मिक विभाग ने भी अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
मरीजों की सुरक्षा के लिए जरूरी है ऐसा अभ्यास
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस तरह की मॉकड्रिल से आपातकालीन स्थिति में कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से पालन करने में मदद मिलती है। खासकर NICU जैसे विभाग में, जहां नवजात बच्चे खुद अपनी सुरक्षा नहीं कर सकते, वहां इस तरह का अभ्यास बेहद जरूरी है। इस मॉकड्रिल के जरिए अस्पताल ने आग से बचाव, मरीजों की सुरक्षित निकासी, आपसी तालमेल और आपातकालीन व्यवस्था की तैयारियों को परखा।