गोवा में छत्तीसगढ़ी एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने जीते पदक, खेल निदेशक आकांक्षा खलखो बोलीं-हर संभव करेंगे सहायता
उप-निदेशक रश्मि ठाकुर ने भी खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत की प्रशंसा की। कहा-युवा एथलीटों का यह प्रदर्शन राज्य के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। गोवा में आयोजित 37वीं जूनियर वेस्ट ज़ोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता (27 से 29 सितंबर 2026) में शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों ने खेल एवं युवा कल्याण निदेशालय, छत्तीसगढ़ की निदेशक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो और खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उप-निदेशक रश्मि ठाकुर से संचालनालय सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम परिसर रायपुर में सौजन्य मुलाकात की।
इस विशेष बैठक में खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ खेल जगत की प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं, जिनमें श्री जी.एस. बांबरा, पूर्व ओए-बीएसपी महासचिव व बीएसपी एथलेटिक्स क्लब के कार्यकारी अध्यक्ष परविंदर सिंह ग्रेवाल, सुदर्शन सिंह, आर सुनील कुमार, रवि धनकर, अनिरुद्ध सोना, दिनेश कुमार टांडी, आदित्य ठाकुर, दीपक कुमार पटेल, शिव कुमार भंडारी, हिमांशु चंद्राकर और आशीष जायसवाल शामिल थे।
खेल निदेशक ने दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
मुलाकात के दौरान निदेशक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने सभी पदक विजेताओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए आगामी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। खलखो ने छत्तीसगढ़ के खेल परिदृश्य को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी खिलाड़ियों को राज्य सरकार और खेल विभाग की ओर से हर संभव तकनीकी, आर्थिक और बुनियादी मदद का पूरा भरोसा दिलाया।
खिलाड़ियों में भारी उत्साह
उप-निदेशक रश्मि ठाकुर ने भी खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत की प्रशंसा की और कहा कि युवा एथलीटों का यह प्रदर्शन राज्य के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा। खेल निदेशालय से मिले इस प्रोत्साहन और समर्थन के बाद खिलाड़ियों और बीएसपी एथलेटिक्स क्लब के पदाधिकारियों ने विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।