CITU का संसद भवन मार्च: मजदूरी, पेंशन, ईपीएफ, ईएसआई, अधिकारों के लिए सरकार से लड़ाई

सीटू के आह्वान पर मनरेगा, स्कीम वर्कर्स, जल-जंगल-जमीन एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए दिल्ली चलो अभियान। मनरेगा बहाल करो, ग्रामीण मजदूरों के रोजगार के अधिकार की रक्षा करो का नारा।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सीटू का 1 से 3 दिसंबर को दिल्ली में होने वाला संसद मार्च बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण और शहरी मजदूर एकजुट होकर दिल्ली पहुंच रहे हैं, ताकि रोजगार के अधिकार को खत्म करने वाली नीतियों के खिलाफ देशव्यापी आवाज बुलंद हो सके।

मनरेगा ग्रामीण गरीबों के लिए रोजगार और आजीविका की कानूनी गारंटी का महत्वपूर्ण आधार रहा है। इसे कमजोर कर नई व्यवस्था के तहत काम के अधिकार को बजट और सरकारी आवंटन पर निर्भर बनाना ग्रामीण मजदूरों के हितों के खिलाफ है। केंद्र सरकार की हिस्सेदारी घटाने और रोजगार की उपलब्धता सीमित करने से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक सुरक्षा प्रभावित हो रही है। 

रोजगार कोई सरकारी कृपा नहीं, बल्कि मजदूरों का अधिकार है। मनरेगा को पूर्ण रूप से बहाल किया जाए, काम मांगने पर रोजगार मिले और मजदूरी समय पर भुगतान हो। ग्रामीण मजदूरों के इस अधिकार को बचाने के लिए 1 से 3 दिसंबर को दिल्ली में होने वाला संसद मार्च बेहद महत्वपूर्ण है। 

स्कीम वर्कर्स को मजदूर का दर्जा दो, सम्मानजनक मानदेय एवं सामाजिक सुरक्षा दो 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता और मिड-डे मील कर्मी स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवाओं में अपनी भूमिका निभा रही हैं, लेकिन सरकार उन्हें आज भी नियमित मजदूर का दर्जा देने से बच रही है। बेहद कम मानदेय पर जिम्मेदारी भरे कार्य करने के बावजूद उन्हें न्यूनतम मजदूरी, पेंशन, ईपीएफ, ईएसआई और अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। मांग है कि सभी स्कीम वर्कर्स को मजदूर का दर्जा दिया जाए, ₹42,000 न्यूनतम मासिक वेतन, ग्रेच्युटी, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा लाभ दिए जाएं और तब तक मानदेय में तत्काल वृद्धि की जाए। 1, 2 एवं 3 दिसंबर को दिल्ली संसद मार्च इन मेहनतकश महिलाओं के श्रम, सम्मान और अधिकारों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का सशक्त मंच है। स्कीम वर्कर्स की भागीदारी इस संघर्ष को और मजबूत करेगी।

जल, जंगल और जमीन की कॉर्पोरेट लूट बंद करो, विस्थापितों को न्याय दो 

देश के प्राकृतिक संसाधनों को कॉर्पोरेट हितों के लिए सौंपने की नीतियों से किसानों, आदिवासियों, मछुआरों और ग्रामीण समुदायों की आजीविका पर गंभीर संकट पैदा हो रहा है। भूमि अधिग्रहण में सामाजिक प्रभाव आकलन और ग्रामसभा की सहमति जैसी सुरक्षा शर्तों को कमजोर करना जनता के अधिकारों पर हमला है। जंगलों, जलाशयों और जमीन पर समुदायों के परंपरागत अधिकारों की अनदेखी कर विस्थापन को बढ़ावा दिया जा रहा है। 

जमीन हड़पना बंद हो, ग्रामसभा की सहमति और अधिकार बहाल हों तथा विस्थापित परिवारों को उचित पुनर्वास, पुनर्स्थापन, मुआवजा और आजीविका की गारंटी मिले। मजदूर, किसान, आदिवासी और अन्य मेहनतकश जनता के साझा हितों को मजबूत करने के लिए 1 से 3 दिसंबर का दिल्ली संसद मार्च महत्वपूर्ण है। यह संघर्ष प्राकृतिक संसाधनों को जनता के अधिकार में रखने और कॉर्पोरेट लूट के खिलाफ एकजुट प्रतिरोध का संदेश देगा।

SIR रद्द करो, वोट के अधिकार एवं लोकतंत्र की रक्षा करो 

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे जाने की शिकायतें लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। गरीबों, प्रवासी मजदूरों, दलितों, अल्पसंख्यकों और दस्तावेजी कठिनाइयों का सामना करने वाले लोगों पर इसका विशेष प्रभाव पड़ रहा है। मतदान का अधिकार नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है, जिसे किसी भी प्रक्रिया के माध्यम से मनमाने ढंग से छीना नहीं जा सकता है। 

SIR की प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष हो, गलत तरीके से काटे गए नाम बहाल किए जाएं तथा चुनाव आयोग जवाबदेही सुनिश्चित करे। मजदूर वर्ग की लड़ाई सिर्फ वेतन और रोजगार तक सीमित नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई भी है। इसी व्यापक उद्देश्य के साथ 1, 2 एवं 3 दिसंबर को नई दिल्ली में संसद मार्च आयोजित किया जा रहा है। देश के मजदूरों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और लोकतंत्र पसंद नागरिकों से अपील है कि “गुलामी की जंजीरों को तोड़ो दिल्ली चलो” के नारे के साथ इस ऐतिहासिक मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी एकजुट ताकत का प्रदर्शन करें।