भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर केबल चोरी, CISF के हत्थे चढ़े 2 चोर, गए जेल, गेट पास भी मिला
भिलाई स्टील प्लांट के मरोदा रेलवे गेट नंबर-1 पर CISF ने दो युवकों को 8 से 10 किलो कॉपर केबल के टुकड़ों के साथ पकड़ा।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के प्रतिबंधित क्षेत्र में कॉपर केबल चोरी का मामला सामने आया है। मरोदा रेलवे गेट नंबर-1 के रास्ते प्लांट से कॉपर केबल वायर के टुकड़े बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे दो युवकों को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 8 से 10 किलोग्राम कॉपर केबल वायर बरामद किया गया है। पकड़े गए युवकों की पहचान तामेश्वर निहाल (20 वर्ष), निवासी शंकरपारा, स्टेशन मरोदा और चंदन बाग (20 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, भिलाई के रूप में हुई है।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर CISF ने की कार्रवाई
CISF के मरोदा समवाय में तैनात सहायक उपनिरीक्षक सतबीर सिंह द्वारा भिलाई भट्ठी थाने में प्रस्तुत लिखित आवेदन के मुताबिक, 19 नवंबर 2026 को वह प्रथम पाली में पारी प्रभारी के तौर पर ड्यूटी पर थे। सुबह करीब 9:10 बजे मरोदा रेलवे गेट नंबर-1 से आरक्षक योगेश कुमार ने फोन कर दो संदिग्ध व्यक्तियों के दिखाई देने की सूचना दी।
इसके बाद सतबीर सिंह ने अन्य बल सदस्यों को मौके पर भेजा। CISF जवानों ने दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ और तलाशी ली। इस दौरान उनके पास मौजूद बैग से करीब 8 से 10 किलोग्राम कॉपर केबल वायर के टुकड़े बरामद हुए।
गेट पास की वैधता पर भी उठे सवाल
आवेदन में तामेश्वर निहाल का गेट पास नंबर 189397/1/553098 दर्ज किया गया है। गेट पास की वैधता को लेकर आवेदन में 9 सितंबर 2026 से 14 मई 2026 तक की तारीख अंकित है, जो कालक्रम के हिसाब से स्पष्ट नहीं है। CISF के मुताबिक, दोनों युवक कथित तौर पर चोरी किए गए कॉपर केबल वायर के टुकड़ों को प्लांट से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों को भिलाई भट्ठी थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।