रिश्वतबाज केंद्रीय विद्यालय की Principal गिरफ्तार, 3 लाख की घूस लेते मैडम को रंगे हाथ CBI ने दबोचा

सीबीआई ने आरोपियों के इटारसी और आगरा स्थित आवासीय एवं कार्यालय परिसरों में तलाशी ली। इस दौरान संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

सूचनाजी न्यूज, इटारसी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मध्य प्रदेश के इटारसी स्थित केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य और एक बिचौलिए को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। मामला स्कूल में कराए गए नवीनीकरण कार्य के लंबित बिलों के भुगतान से जुड़ा है।

लंबित बिलों के भुगतान के लिए मांगी थी रिश्वत

सीबीआई के मुताबिक, इस मामले में 7 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय विद्यालय, इटारसी की प्राचार्य श्रद्धा पाठक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि प्राचार्य ने भोपाल स्थित उन फर्मों से 3 लाख रुपये की अनुचित आर्थिक लाभ की मांग की थी, जिन्हें स्कूल में नवीनीकरण का काम सौंपा गया था। इन फर्मों को सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) के माध्यम से कार्यादेश जारी किए गए थे। आरोप है कि काम से संबंधित लंबित बिलों का भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत मांगी गई थी।

सीबीआई ने जाल बिछाकर पकड़ा

शिकायत और मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान प्राचार्य और बिचौलिए किरत सिंह को कथित तौर पर 3 लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए पकड़ लिया गया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

इटारसी और आगरा में तलाशी, संपत्ति के दस्तावेज जब्त

सीबीआई ने आरोपियों के इटारसी और आगरा स्थित आवासीय एवं कार्यालय परिसरों में तलाशी ली। इस दौरान संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं। सीबीआई के अनुसार, मामले की जांच जारी है।