बीएसपी कोक ओवन बैटरी 8 एक्सीडेंट पर डीजीएम प्रोजेक्ट सस्पेंड

Bhilai Steel Plant: 7 अक्टूबर को सेल भिलाई स्टील प्लांट के कोक ओवन बैटरी 8 में कार्य के दौरान कैंप 2 निवासी 50 वर्षीय पंचानंद प्रसाद ऊंचाई से गिरे थे।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल बीएसपी में सेफ्टी के साथ किसी तरह का खिलवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जा रहा है। पिछले डेढ़ साल से ईडी वर्क्स राकेश कुमार हर विभाग में सबको समझा रहे। कुछ लोगों को बात समझ में आ चुकी है। लेकिन, अब भी कई लोग सुझावों को नज़र अंदाज करते जा रहे हैं। इसलिए प्रबंधन ने सख्ती का रुख अपना लिया है,ताकि हादसे रोके जाएं और जान बचाई जा सके। कोक ओवन बैटरी 8 में कार्य के दौरान ऊंचाई से मज़दूर गिरकर जख्मी हुआ था। हादसे को संज्ञान में लेकर प्रबंधन ने डीजीएम प्रोजेक्ट अशोक जसवानी को सस्पेंड कर दिया है। 

7 अक्टूबर को सेल भिलाई स्टील प्लांट के कोक ओवन बैटरी 8 में कार्य के दौरान कैंप 2 निवासी 50 वर्षीय पंचानंद प्रसाद ऊंचाई से गिरे थे। सिर और कमर में चोट लगी थी। जख्मी मजदूर का प्राथमिक उपचार मेन मेडिकल पोस्ट में कराया गया था। सेक्टर 9 हॉस्पिटल में इलाज हुआ। इसके बाद ठेका कंपनी ने प्राइवेट अस्पताल के लिए रेफर करा लिया था। 

कोक ओवन 8 के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। ऊंचाई पर वेल्डिंग आदि कार्य कैंप 2 निवासी 50 वर्षीय पंचानंद प्रसाद कर रहे थे। कार्य के दौरान ही मजदूर जमीन पर गिर गए थे। भिलाई इंजीनियरिंग कारपोरेशन लिमिटेड के मजदूर ने सेफ्टी हार्नेस नहीं पहना था। यह सुरक्षा उपकरण है, जो ऊंचाई पर काम करते समय कर्मचारियों को गिरने से बचाता है। मजदूर ने इसे नहीं पहना था। कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया था।