BSP में डीजल चोरी: बोलेरो से 160 लीटर डीजल बरामद, ठेका श्रमिक गिरफ्तार, FIR

मरोदा क्षेत्र के आरएमपी-1 में CISF की कार्रवाई, कम कीमत पर डीजल खरीदने पहुंचे थे तीन ठेका श्रमिक। भिलाई स्टील प्लांट के मरोदा क्षेत्र में CISF ने बोलेरो से 160 लीटर डीजल बरामद किया। ठेका श्रमिक के खिलाफ भिलाई भट्टी थाने में केस दर्ज।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में डीजल चोरी और अवैध कारोबार का मामला सामने आया है। CISF की सतर्कता से मरोदा क्षेत्र के आरएमपी-1 में एक बोलेरो वाहन से करीब 160 लीटर डीजल बरामद किया गया है। डीजल को 20-20 लीटर के आठ गैलन में भरकर रखा गया था। जब्त डीजल की अनुमानित कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है।

CISF की शिकायत पर भिलाई भट्टी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ई), 317(2) और 287 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

CISF के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को मरोदा गेट पर द्वितीय पारी में ड्यूटी के दौरान दोपहर करीब 1:55 बजे सूचना मिली कि आरएमपी-1 क्षेत्र में एक बोलेरो वाहन (CG 07 CH 5656) संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। सूचना मिलते ही CISF के सहायक उपनिरीक्षक ऋषि भगवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने मरोदा एरिया में तैनात अन्य सुरक्षाकर्मियों को भी घटनास्थल पर बुलाया।

मौके पर सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो में चालक समेत तीन ठेका श्रमिक मिले। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग गैलन में भरा डीजल मिला। पूछताछ में वाहन में मौजूद लोगों ने बताया कि उन्हें किसी अन्य व्यक्ति ने कम कीमत पर डीजल देने के लिए बुलाया था। हालांकि, डीजल उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति CISF के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया।

जांच के दौरान वाहन से आठ गैलन में भरा करीब 160 लीटर डीजल बरामद किया गया। CISF ने गवाहों की मौजूदगी में डीजल जब्त किया। इसके बाद बीएसपी प्रबंधन के समक्ष डीजल प्रस्तुत किया गया, जहां इसे भिलाई इस्पात संयंत्र की संपत्ति के रूप में पहचाना गया।

CISF की शिकायत में जमालू अहमद (29 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, दुर्ग का नाम दर्ज है। वह बीएसपी में थर्मानिक्स टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से ठेका श्रमिक/इंजीनियर के रूप में कार्यरत बताया गया है। उसका गेट पास 16 जून 2026 से 31 मई 2027 तक वैध था।

CISF ने आरोपी को जब्त डीजल और जब्ती सूची के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भिलाई भट्टी थाना पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि संयंत्र की संपत्ति का डीजल किस स्थान से निकाला गया था और इस कथित चोरी तथा अवैध लेन-देन में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।