बीएसपी दमकल कर्मी और प्रोडक्शन मैनेजर के बीच मारपीट, वर्दी पर थूकने का आरोप, दोनों ने दर्ज कराई FIR

भिलाई स्टील प्लांट के फायरमैन और निजी कंपनी के प्रोडक्शन मैनेजर के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों ने पुलिस में FIR दर्ज कराई।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के फायर डिपार्टमेंट के एक फायरमैन और निजी कंपनी के प्रोडक्शन मैनेजर के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 4 अक्टूबर की है। सेक्टर-4 स्थित इंटक कार्यालय के बाहर चौक के पास की बताई गई है। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। एफआइआर दर्ज हो गया है।


फायर विभाग में फायरमैन के पद पर पदस्थ वेदप्रकाश वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह 4 अक्टूबर को करीब 12:35 बजे बैग का चैन बनवाने के लिए इंटक चौक के पास सिलाई की दुकान गए थे। इसी दौरान बैना पान ठेले के पास ओम चौधरी सहित कुछ लोग बैठे थे।


ये खबर भी पढ़ें: BSP लोहा चोरी: सस्पेंड अधिकारी-कर्मचारियों के करीबियों से विजिलेंस ने लिए बयान, DIC के खिलाफ कोर्ट जाने की तैयारी


शिकायत के मुताबिक, वहां मौजूद ओम चौधरी ने उसे देखकर कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की। वेदप्रकाश का आरोप है कि जब उसने इसका कारण पूछा तो ओम चौधरी ने शराब के नशे में मां-बहन के संबंध में अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके कपड़ों पर थूकने और हाथ-मुक्के से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।


ये खबर भी पढ़ें: BSP ईडी वर्क्स कर रहे छापेमारी, संडे को पहुंचे कोक ओवन, रेल मिल, दारूबाज अफसर-कर्मचारी होंगे सस्पेंड-टर्मिनेट


वेदप्रकाश ने पुलिस को बताया कि आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि इसी दौरान ओम चौधरी ने मोबाइल फोन से उसके पिता को भी फोन किया और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में दाहिने हाथ, पेट और पीठ में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के गवाह के रूप में संजीव दलाल, जितेंद्र सहित आसपास मौजूद लोगों का उल्लेख किया गया है।


ये खबर भी पढ़ें: वित्त वर्ष 2026-27: SAIL ने पहली छमाही H1 में रचा कीर्तिमान, सीएमडी डॉ. एके पंडा बोले…


दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट का आरोप


इसी घटना को लेकर वीसी कंस्ट्रक्शन हथखोज में प्रोडक्शन मैनेजर के पद पर कार्यरत ओमप्रकाश चौधरी ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। ओमप्रकाश चौधरी के मुताबिक, वह 4 अक्टूबर को करीब 12:35 बजे अपनी स्कूटी बनवाने के लिए सेक्टर-4 स्थित इंटक चौक के पास मैकेनिक की दुकान पर गया था। शिकायत के अनुसार, वह इंटक चौक के सामने बैठा था, तभी वेदप्रकाश वर्मा वहां पहुंचे।


ओमप्रकाश ने आरोप लगाया है कि वेदप्रकाश ने पुरानी बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के से उसके बाएं गाल पर मारपीट की। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। शिकायत में मारपीट के कारण बाएं कान में दर्द होने की बात कही गई है। संदीप वर्मा सहित आसपास मौजूद लोगों को घटना का गवाह बताया गया है।


ये खबर भी पढ़ें: भिलाई स्टील प्लांट: ठेका श्रमिकों को दुर्गा पूजा से पहले 8.33% के बजाय दीजिए 20% बोनस


दोनों पक्षों के आरोपों की पुलिस जांच


इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। एक पक्ष ने मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और कपड़ों पर थूकने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने गाली-गलौज, धमकी और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस अब दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


ये खबर भी पढ़ें: भद्रावती स्टील प्लांट के अधिकारी ने की आत्महत्या, घर में मिली लाश