Bhilai Township: चाइना मार्केट में गुटका थूकने पर मारपीट, विरोध करने पर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक की पिटाई, FIR

China Market Bhilai: बोरिया गेट चौक के पास चाइना मार्केट में हुई घटना, युवक ने रवि सोनकर और उसके दो साथियों पर लगाया मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप। रोशन के होंठ, दाईं आंख के नीचे, बाएं पैर और गर्दन में चोट लगने तथा दर्द होने की बात शिकायत में कही गई है।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई में मामूली बात पर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। बोरिया गेट चौक के पास स्थित चाइना मार्केट में फल खरीदने पहुंचे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक ने आरोप लगाया है कि गुटका खाकर उसके पैर पर थूकने का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। विवाद के दौरान एक युवक ने अपने दो साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता रोशन कुमार बंजारे के अनुसार, वह 25 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे अपने भाई अभिषेक बंजारे के साथ चाइना मार्केट में घरेलू सामान खरीदने गया था। इसी दौरान वह फल के ठेले पर फल खरीद रहा था। आरोप है कि वहां मौजूद एक युवक गुटका खा रहा था और उसने रोशन के पैर पर थूक दिया।

रोशन ने जब इस पर आपत्ति जताई तो युवक विवाद करने लगा। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने युवक से कहा कि पहले उसके पैर पर थूक दिया और अब उल्टे विवाद कर रहे हो। इस पर युवक ने अपना नाम रवि सोनकर बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

दो साथियों के साथ मिलकर मारपीट का आरोप

शिकायत के मुताबिक, रवि सोनकर ने रोशन को अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसके दो अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर रोशन के साथ मारपीट की।

इस घटना में रोशन के होंठ, दाईं आंख के नीचे, बाएं पैर और गर्दन में चोट लगने तथा दर्द होने की बात शिकायत में कही गई है। मौके पर मौजूद उसके भाई अभिषेक बंजारे और आसपास के कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों के पक्ष की जानकारी उपलब्ध नहीं है।