BSP GM की बेटी पाखी भगत ने पेंटिंग में जीता 50 हजार का अवॉर्ड, अब दिल्ली में करेगी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व, DPS भिलाई से नाता

DPS भिलाई की छात्रा पाखी भगत ने राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में मारी बाजी, 50 हजार रुपए का पुरस्कार। DPS भिलाई की कक्षा 7वीं की छात्रा ने ऊर्जा संरक्षण पर राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। अब राष्ट्रीय स्तर पर करेंगी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) भिलाई की कक्षा सातवीं की छात्रा पाखी भगत ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता से सेल भिलाई स्टील प्लांट और विद्यालय का नाम रोशन किया है। बीएसपी फाइनेंस डिपार्टमेंट की जीएम अमृता गंगराडे की बेटी पाखी ने ऊर्जा संरक्षण विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में ग्रुप-ए में प्रथम स्थान हासिल कर शानदार उपलब्धि दर्ज की है।

केंद्रीय ऊर्जा दक्षता ब्यूरो विद्युत मंत्रालय की ओर से छत्तीसगढ़ में पॉवर ग्रिड ने प्रतियोगिता आयोजित की थी। अब दिल्ली में 11 दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के ग्रुप ए में पाखी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगी। स्कूल और इंटर डीपीएस प्रतियोगिताओं में अनेक पुरस्कार जीत चुकी हैं। भिलाई स्टील प्लांट की ओर से होने वाली प्रतियोगिताओं में भी अपनी कला का जौहर दिखा चुकी है। सेफ्टी, विजिलेंस की प्रतियोगिताओं में कई अवॉर्ड जीत चुकी है। पाखी की माता बीएसपी फाइनेंस डिपार्टमेंट में जीएम हैं और पिता दीपक भगत स्विट्ज़रलैंड (Switzerland) की एक मल्टीनेशनल कंपनी में एक अहम पद पर हैं। 

छत्तीसगढ़ के कुम्हारी में पावर ग्रिड में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के प्रतिभाशाली युवा चित्रकारों ने हिस्सा लिया। ग्रुप ए प्रतियोगिता में पाखी की बेहतरीन कलात्मक अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच ने निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रथम पुरस्कार के रूप में उन्हें 50 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।

इस उपलब्धि के साथ ही पाखी को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का प्रतिष्ठित अवसर भी मिला है। अब वह राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। DPS भिलाई परिवार ने पाखी की इस सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें, उनके माता-पिता और कला मार्गदर्शकों को हार्दिक बधाई दी है। विद्यालय प्रबंधन ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

पाखी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। ऊर्जा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय को कला के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर उन्होंने यह साबित किया है कि नई पीढ़ी अपनी रचनात्मक प्रतिभा से सामाजिक जागरूकता की दिशा में भी अहम योगदान दे सकती है।