जिस सेक्टर 9 अस्पताल में पैदा हुए, वहीं से बतौर CMO डॉ. उदय रिटायर, यादगार विदाई, बग्घी पर बैठने से पहले आंखें भर आई

सेक्टर-9 अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ. उदय के सेवानिवृत्त होने पर पूर्व सीईओ, पूर्व ईडी भी पहुंचे अस्पताल। ढोल और पुष्प वर्षा के बीच डॉक्टर उदय कुमार के कार्यकाल का युग समाप्त हो गया। सीटू की अस्पताल जोन की टीम ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। पंडित जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर 9 से एक तेज़ तर्रार डाक्टर की विदाई हो गई। सीएमओ और हेड ऑफ मेडिकल डाक्टर उदय कुमार को शनिवार दोपहर यादगार विदाई दी गई। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपना एप्रन (Apron) उतारे और कुर्सी पर ही टांग दिए। सामने पूर्व सीईओ विनोद कुमार अरोड़ा, पूर्व ईडी प्रोजेक्ट एके भट्टा, भावी हेड ऑफ मेडिकल डाक्टर संबिता पंडा, जीएम सेक्टर 9 संजय कुमार, डॉ. गुंजन कुमार, डॉ. अनिरुद्ध मेने, डॉ. शेख रियासत इलाही आदि मौजूद रहे। 

दर्जनों डाक्टर और मेडिकल स्टाफ के साथ वह अपने कार्यालय से बाहर निकले। दरवाजे से बाहर आते ही पुष्प वर्षा शुरू हुई, जो हॉस्पिटल के गेट तक जारी रही। रेड कारपेट पर डॉक्टर उदय और उनकी पत्नी प्रेरणा धाबर्डे साथ चल रही थीं। मेडिकल स्टाफ, चाहने वाले, यूनियन प्रतिनिधि, मरीज, परिजन मिलते रहे और नई पाली की शुभकामनाएं दी। ढोल बजते रहे।

बग्घी पर सवार डाक्टर उदय व उनकी पत्नी।


बर्न वार्ड से रहा गहरा नाता 

सेक्टर 9 हॉस्पिटल में ही 30 अक्टूबर 1966 को जन्में डॉ. उदय का यहां से काफी गहरा लगाव रहा। जिस अस्पताल में जन्म हुआ, वहीं डाक्टर बनकर सेवाएं दी और 31 अक्टूबर को रिटायर हो गए। शनिवार दिन में अपने रूम से बाहर आते ही उनकी आंखों में आंसू छलक आए। बाहर काफी भीड़ थी। हाथों फूल लिए स्टाफ कतार में खड़े रहे। कई मेडिकल स्टाफ भी रो पड़े। भावुक पल रहा। ओपीडी परिसर में स्किन डोनर की फोटो के पास पहुंचे तो हाथ जोड़कर नमन किए। 

स्किन डोनर की फोटो पर नमन करते डॉक्टर उदय।


स्किन एंड बर्न वार्ड के एचओडी रहे डाक्टर उदय का बतौर हेड ऑफ मेडिकल महज 3 माह का ही कार्यकाल रहा। यहां के मेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मी तक की आंखों में आंसू नजर आए। कम समय में जिस रफ्तार से उन्होंने काम किए, उसकी चर्चा हर कोई कर रहा है। मरीजों की सुविधाओं के लिए लगातार काम करते रहे। अस्पताल को नए रूप में दिखाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। 

कई संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे विदाई देने

एससी-एसटी संस्था, अंबेडकरवादियों समेत समाज के अन्य संगठनों, सीटू के पदाधिकारी भी विदाई देने के लिए अस्पताल पहुंचे। ओपीडी गेट से जब डाक्टर उदय बाहर निकले तो सामने बग्घी थी। बग्घी में डॉक्टर उदय और उनकी पत्नी संवार हुए। तालपुरी स्थित आवास तक डाक्टर उदय बग्घी से ही गए। 

सीटू पदाधिकारियों ने सीएमओ डाक्टर उदय को शुभकामनाएं दी।


जहां चाह होगी, वहां राह जरूर निकलेगा 

सेक्टर-9 अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ. उदय के सेवानिवृत्त होने पर सीटू की अस्पताल जोन की टीम ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। सीटू नेता डीवीएस रेड्डी ने कहा-अस्पताल भले ही संयंत्र के उच्च प्रबंधन के लिए उत्पादन की इकाई न हो, लेकिन हर चीज को उत्पादन और मुनाफे के नजरिए से नहीं देखा जा सकता। 

डॉ. उदय ने अपने सीमित तीन माह के कार्यकाल में बाहर से चिकित्सकों को लाने का प्रयास करने के साथ उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर अस्पताल के हित में सराहनीय पहल की। उनका कार्यकाल हमेशा याद रखा जाएगा और आने वाले प्रभारियों को यह प्रेरणा देता रहेगा कि इच्छाशक्ति हो तो हर कठिन परिस्थिति में रास्ता निकाला जा सकता है। सीटू उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण भविष्य की कामना करता है।